संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर ग्राउंड जीरो पर उतरे CMO, मानपुर व रघुबीरपुर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Bareilly News: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने 27 अक्टूबर 2026 को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए ब्लॉक मझगवां क्षेत्र का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील माने जाने वाले ग्राम मानपुर और रघुबीरपुर का दौरा कर स्वच्छता और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की।
फॉगिंग और एंटीलार्वा छिड़काव पर जोर
निरीक्षण के दौरान मानपुर और रघुबीरपुर में नालियों की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। CMO ने ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि मच्छर जनित रोगों की प्रभावी रोकथाम के लिए साप्ताहिक कार्ययोजना बनाकर नियमित रूप से फॉगिंग और एंटीलार्वा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का प्रयोग करने, घर के आसपास जलजमाव न होने देने और बुखार आने पर तुरंत जांच कराकर डॉक्टर की सलाह से पूरा कोर्स लेने के लिए जागरूक किया।

सीएचसी मझगवां का औचक निरीक्षण
गांवों का भ्रमण करने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मझगवां का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों की जांच व्यवस्था और दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी, सीएचसी अधीक्षक, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, सहायक मलेरिया अधिकारी, मलेरिया निरीक्षक, बीपीएम, बीसीएमएम, ग्राम सचिव, ग्राम प्रधान, आंगनवाड़ी, आशा संगिनी और आशा कार्यकत्री समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

