बोर्ड परीक्षा और निपुण मिशन पर अपर मुख्य सचिव का बड़ा संवाद, दिए रणनीतिक दिशा-निर्देश

Lucknow news: उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बुधवार को राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान, निशांतगंज से आयोजित विशेष यूट्यूब लाइव मार्गदर्शन सत्र के माध्यम से प्रदेश भर के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षा अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से सीधा संवाद स्थापित किया। सत्र का कुशल संचालन शिक्षिका डॉ. ज्योत्सना सिंह (GGIC गोमती नगर, लखनऊ) और साधना दीक्षित (सीतापुर) द्वारा किया गया। इस दौरान अपर मुख्य सचिव ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, निपुण भारत मिशन, रेमेडियल टीचिंग और 2026-27 सत्र की विभागीय प्राथमिकताओं पर विस्तृत रणनीति साझा की।

रिवर्स टाइम टेबल से करें तैयारी

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि इस वर्ष प्रशासनिक व्यस्तताओं, विधानसभा चुनाव व जनगणना कार्यों के कारण वास्तविक शिक्षण समय प्रभावित हुआ है। इसे ध्यान में रखते हुए 5 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं और गृह परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘रिवर्स टाइम टेबल’ बनाकर पाठ्यक्रम पूरा कराने व रिविजन पर जोर दिया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे उत्तर पुस्तिका में बिंदुवार उत्तर लिखें, महत्वपूर्ण बिंदुओं को रेखांकित करें, चार्ट व डायग्राम का उपयोग करें और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल पेपर से 3 घंटे का मॉक टेस्ट दें। साथ ही, तनाव दूर करने के लिए प्रतिदिन 15-20 मिनट खेलकूद में बिताने और टेली-काउंसलिंग का उपयोग करने का परामर्श दिया।

बोर्ड परीक्षा और निपुण मिशन पर अपर मुख्य सचिव का बड़ा संवाद

कक्षा 5 तक निपुण भारत मिशन का विस्तार करने वाला पहला राज्य बना यूपी

अपर मुख्य सचिव ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने निपुण भारत मिशन को कक्षा 5 तक विस्तारित किया है। इसके लिए निपुण तालिका और निपुण ऐप प्लस तैयार किए गए हैं। इस वर्ष का निपुण असेसमेंट दो चरणों में पहला चरण- 20 से 30 दिसंबर और दूसरा चरण- 20 से 30 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। मूल्यांकन का कार्य डीएलएड और बीटीसी प्रशिक्षुओं द्वारा पूरी निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।

पिछड़ रहे विद्यार्थियों को मुख्यधारा में लाने के लिए 22-सूत्रीय कैच-अप प्लान के तहत प्रतिदिन 30 मिनट से 1 घंटे की रेमेडियल टीचिंग और पीयर लर्निंग (सहपाठी शिक्षण) को अनिवार्य किया गया है। साथ ही स्मार्ट क्लासेस, ‘उद्गम’ पोर्टल और विज्ञान/भूगोल प्रयोगशालाओं को तुरंत सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षक भर्तियों पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के लिए शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा 11,000 शिक्षकों की भर्ती प्रगति पर है। माध्यमिक व एडेड विद्यालयों में 17,000 से अधिक टीजीटी, पीजीटी व प्रधानाध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रतिवर्ष 1 अप्रैल को रिक्तियों का आकलन कर 31 मई तक अधियाचन भेजने की स्थायी व्यवस्था लागू कर दी गई है।

बच्चों को मिलेगा हलवा और उपमा

कक्षा 8 तक संचालित पीएम पोषण (मिड-डे मील) योजना के तहत नवंबर से शुरू हो रहे 14 सप्ताहों में बच्चों को पूरक पोषण के रूप में गर्म हलवा और उपमा परोसा जाएगा। भोजन बनाने वाले रसोइयों को इसके लिए अतिरिक्त पारिश्रमिक दिया जाएगा और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नवंबर-दिसंबर में उत्कृष्ट रसोइयों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

Also Read: गोमती नदी के संवर्धन के लिए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और मत्स्य मंत्री ने छोड़े मछलियों के बच्चे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.