जनसुनवाई में लापरवाही पर SSP ने सिपाही को किया निलंबित, बैठाई विभागीय जांच
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस महकमे के भीतर जनसुनवाई के प्रति लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। थाना बहेड़ी में शिकायतकर्ता महिला द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर कोई कार्रवाई न करने और जांचकर्ता द्वारा पद के दायित्वों का समुचित निर्वहन न करने के गंभीर आरोपों में बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने आरक्षी अंकुश खन्ना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित आवेदिका ने 23 अक्टूबर 2026 को थाना बहेड़ी में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था, जिसे थाने के आधिकारिक जनसुनवाई रजिस्टर में दर्ज किया गया था। हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी जब स्थानीय पुलिस की ओर से मामले पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो परेशान होकर आवेदिका 28 अक्टूबर 2026 को दोबारा अपना प्रार्थना पत्र लेकर एसएसपी कार्यालय बरेली पहुंचीं।
एसएसपी कार्यालय में पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों की समीक्षा की गई, जिसमें पाया गया कि थाना स्तर से प्रकरण में घोर लापरवाही बरती गई। जांचकर्ता आरक्षी अंकुश खन्ना पर कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता, कदाचार और असंवेदनशील व्यवहार करने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले। प्रकरण की गंभीरता और पुलिस की छवि को धूमिल करने वाले इस व्यवहार पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसएसपी बरेली ने सिपाही अंकुश खन्ना को तुरंत निलंबित करने का आदेश जारी किया और संबंधित विभागीय जांच का आदेश दे दिया।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस ने दर्ज की जीत, संघ के गढ़ में भाजपा को दी शिकस्त

