‘मोदी चौथी बार भी बनेंगे PM’, अमित शाह ने लखनऊ से दिया सियासी संदेश

Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद भी नरेंद्र मोदी देश की कमान संभालेंगे। उत्तर प्रदेश भाजपा की नई प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक में शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह बात कही।

प्रधानमंत्री मोदी की उम्र और 2029 के बाद भाजपा में नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शाह का यह बयान अहम माना जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जमीन पर सक्रिय रहने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत लगाने की अपील की।

‘मोदी चौथी बार भी प्रधानमंत्री बनेंगे’

अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा, “जमीन पर काम करिए। मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं और आप लोग ऐसे ही डटे रहे तो चौथी बार भी बनेंगे और उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनने से कोई रोक नहीं पाएगा।”

उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मनमुटाव और नाराजगी भुलाकर 2027 के विधानसभा चुनाव में जुटने को कहा। शाह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद के पांव की तरह अडिग है और उसे कोई हिला नहीं सकता।

उन्होंने यह भी दावा किया कि यूपी में अगले 30 साल तक भाजपा की सरकार रहने वाली है। इसके लिए उन्होंने पार्टी के मतदाताओं को श्रेय दिया। शाह ने कहा कि अगर जनता एक बार फिर भाजपा को सरकार बनाने का मौका देती है, तो प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी।

योगी सरकार की तारीफ, निवेश और कानून-व्यवस्था के आंकड़े गिनाए

अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को माफिया और भ्रष्टाचार से बाहर निकाला है। शाह के मुताबिक, यूपी अब देश का निवेश केंद्र बन गया है। प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है।

शाह ने बीते 10 साल में प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए अपराध के आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान लूट की घटनाओं में 74 फीसदी, डकैती में 80 फीसदी, दंगों में 70 फीसदी और रंगदारी के मामलों में 60 फीसदी की कमी आई है।

गृह मंत्री ने कहा कि योगी सरकार ने कानून-व्यवस्था सुधारी, जिससे प्रदेश में निवेश का माहौल बना। निवेश आने से रोजगार के अवसर बढ़े और लोगों का पलायन रुका। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने की अपील की।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.