IND vs NZ: टेस्ट सीरीज से पहले यशस्वी जायसवाल की खराब फॉर्म जारी, लगातार तीसरी पारी में नहीं चला बल्ला

Sports News: न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की फॉर्म चिंता का विषय बनती जा रही है।

न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट के पहले दिन भी जायसवाल बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इस दौरे पर यह लगातार तीसरी पारी है, जब उनका बल्ला खामोश रहा।

पहले अनऑफिशियल टेस्ट की दोनों पारियों में जायसवाल ने 17 और 5 रन बनाए थे। दूसरे मुकाबले में भी वह खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।

तेज गेंदबाज फ्रेजर शीट ने मैच के पहले ही ओवर में उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत-ए को शुरुआती झटका दिया।

लगातार कम स्कोर पर आउट होने के साथ ही उनके विकेट गंवाने के तरीके पर भी सवाल उठ रहे हैं।

भारत-ए की शुरुआत खराब, साई सुदर्शन भी नहीं टिके

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जायसवाल के जल्दी आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल ने साई सुदर्शन के साथ पारी को संभालने की कोशिश की।

Yashasvi Jaiswal

सुदर्शन अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन जारोड मैके की बाहर जाती गेंद पर शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 41 रन बनाए।

इसके बाद यश राठौड़ भी बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ करने के प्रयास में आउट हो गए। शुरुआती झटकों के बीच पडिक्कल ने एक छोर संभाले रखा और टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया।

पडिक्कल ने बनाए 80 रन, शतक से चूके

पहले मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्नाटक के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में भी जिम्मेदारी भरी पारी खेली।

उन्होंने 80 रन बनाए, लेकिन शतक तक नहीं पहुंच सके। कट शॉट खेलने के प्रयास में गेंद उनके बल्ले से लगकर स्टंप्स पर जा लगी और उनकी पारी समाप्त हो गई।

पडिक्कल के आउट होने के तुरंत बाद स्मरण रविचंद्रन भी पवेलियन लौट गए। वह अंदर आती गेंद को छोड़ने के प्रयास में एलबीडब्ल्यू आउट हुए।

स्मरण अपना खाता भी नहीं खोल सके। भारत-ए के बल्लेबाजों के खराब शॉट चयन के कारण टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए।

ध्रुव जुरेल शतक के करीब, भारत-ए का स्कोर 291/7

पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारत-ए ने 88 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 291 रन बना लिए थे।

विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल 99 रन बनाकर नाबाद थे और शतक से महज एक रन दूर थे। आकाश दीप 25 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।

भारत-ए की ओर से यशस्वी जायसवाल और स्मरण रविचंद्रन शून्य पर आउट हुए। साई सुदर्शन ने 41, देवदत्त पडिक्कल ने 80, यश राठौड़ ने 13, वाशिंगटन सुंदर ने 8 और मानव सुथार ने 22 रन बनाए।

ध्रुव जुरेल की नाबाद पारी ने टीम को शुरुआती झटकों के बाद सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

Also Read: IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन वनडे में भी खेलेंगे आकिब नबी, प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में मिली जगह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.