Lucknow News: इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन
Lucknow News: लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के साथ-साथ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने तीनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सर्वधर्म प्रार्थना सभा से दिया शांति और भाईचारे का संदेश
आयोजन के तहत एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें गीता, कुरान, बाइबिल और गुरुवाणी का पाठ किया गया। कार्यक्रम में मौजूद विभिन्न धर्मगुरुओं ने देश में सामाजिक सद्भाव, शांति, एकता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने की ईश्वर से कामना की।
कांग्रेस सेवादल के नेतृत्व में विशाल रक्तदान शिविर
इस विशेष अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय के नेतृत्व में मुख्यालय परिसर में रक्तदान शिविर लगाया गया। डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम की देखरेख में आयोजित इस शिविर में सेवादल कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान किया।
वक्ताओं ने रेखांकित किया महापुरुषों का ऐतिहासिक योगदान
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय ने कहा कि महापुरुषों की स्मृति में किया गया यह रक्तदान मानव सेवा और जरूरतमंदों का जीवन बचाने का सार्थक प्रयास है। पूर्व मंत्री राज बहादुर ने तीनों विभूतियों के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। वहीं, प्रो. सतीश राय ने इंदिरा गांधी द्वारा किए गए बैंकों के राष्ट्रीयकरण, प्रिवीपर्स की समाप्ति और बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में उनकी ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख किया। प्रो. विनोद चंद्रा ने कहा कि इंदिरा गांधी की नीतियों की मूल आत्मा में समाजवाद और सामाजिक न्याय निहित था। आयोजन में एचएल दुसाध, बोधलाल शुक्ला, संजय शर्मा, डॉ. जियाराम वर्मा, सुबोध श्रीवास्तव, अरशी रजा, सरदार रंजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Also Read: यूपी में 15 वरिष्ठ IAS अफसरों के तबादले, झांसी के मंडलायुक्त भी बदले, जारी हुई पूरी लिस्ट

