INDIA ब्लॉक की रैली के लिए सुरक्षा का कड़ा पहरा, 14 जोन में बंटा रामलीला मैदान, 4 हजार जवान तैनात

INDIA Bloc Rally in Ramlila Maidan: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज INDIA ब्लॉक की रैली होने जा रही है। इसमें विपक्षी दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं, छात्र संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता इस आयोजन में पहुंच सकते हैं। रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भी लोगों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, मार्च कनॉट प्लेस से शुरू होकर मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा। दिल्ली पुलिस कमिश्नर समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।

14 सुरक्षा जोन, 200 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी

INDIA Bloc की रैली और मार्च के दौरान 4,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान तैनात रहेंगे। Ramlila Maidan मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है। हर जोन की निगरानी असिस्टेंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन और पुलिसकर्मियों के बॉडी-वर्न कैमरों से भी निगरानी होगी। मैदान के अंदर एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी।

सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ट्रैफिक में बदलाव

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कई इलाकों में यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। ITO, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट और तुर्कमान गेट के आसपास ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।

बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड और देशबंधु गुप्ता रोड से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। LNJP और GB पंत अस्पतालों की ओर जाने वाली एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से भी समय लेकर निकलने की अपील की गई है।

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रामलीला मैदान में रैली (INDIA Bloc Rally in Ramlila Maidan) के लिए अनुमति दी गई है, लेकिन मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से प्रस्तावित जुलूस के लिए कोई आवेदन नहीं मिला था।

Also Read: ‘हम इंसानी बम की तरह हैं, कहीं भी फट जाते हैं’, तिहाड़ से बाहर आते ही सौरभ दास ने दिया बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.