राहुल गांधी की अपील, ‘प्रोटेस्ट में आएं, खरीदारी भी करें’, बोले- दिल्ली के व्यापारियों को नहीं होगा नुकसान

Rahul Gandhi INDIA Bloc Rally Delhi: दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) में INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर तैयारियां तेज हैं। रविवार को होने वाले इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए विपक्षी दलों के नेता और अलग-अलग राज्यों से समर्थक दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रैली में आने वाले लोगों से एक खास अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग प्रदर्शन और मार्च में शामिल होने के साथ दिल्ली के स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी भी करें, ताकि उन्हें फायदा हो।

राहुल गांधी ने शनिवार देर शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दिवाली, छठ और भाईदूज का समय है। ऐसे में बाहर से दिल्ली आने वाले लाखों लोग छोटी दुकानों से सामान खरीदेंगे तो व्यापारियों को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए।’ राहुल ने यह भी कहा कि रैली से व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा और बीजेपी डर की वजह से अफवाह फैला रही है।

यह रैली कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध में आयोजित की जा रही है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

दोपहर 12 बजे निकलेगा ‘चलो दिल्ली’ मार्च

मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से दोपहर 12 बजे ‘चलो दिल्ली’ मार्च शुरू होगा, जो रामलीला मैदान में जाकर खत्म होगा। रैली सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। INDIA ब्लॉक के नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से खुली बसों में मार्च स्थल तक पहुंचने की उम्मीद है।

मैदान में मुख्य मंच पर बड़ा तिरंगे वाला शामियाना लगाया गया है। गठबंधन की राज्य इकाइयों के प्रतिनिधियों के लिए अलग मंच और अलग-अलग श्रेणी के लोगों के लिए प्रवेश द्वार व बैठने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजकों को स्वयंसेवक तैनात करने, पीने के पानी और महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था करने को कहा गया है। मैदान में रातभर रुकने की अनुमति नहीं होगी।

4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

INDIA ब्लॉक के नेताओं ने रैली (INDIA Bloc Rally) में 10 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है, जबकि दिल्ली पुलिस का अनुमान करीब 50 हजार लोगों का है। अधिकारियों के मुताबिक, मैदान की वास्तविक क्षमता कुर्सियों, घेरों और रास्तों की व्यवस्था के बाद करीब 30 से 40 हजार लोगों की रह जाएगी।

सुरक्षा के लिए 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कंपनियों को तैनात किया जाएगा। मैदान को 14 हिस्सों में बांटा गया है और हर हिस्से की निगरानी एसीपी स्तर के अधिकारी करेंगे। 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों से भी निगरानी होगी।

रविवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट और तुर्कमान गेट के आसपास यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड और देशबंधु गुप्ता रोड से बचने की सलाह दी गई है। एलएनजेपी और जीबी पंत अस्पताल जाने वाली एंबुलेंस के लिए विशेष इंतजाम रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान की रैली (INDIA Bloc Rally) को अनुमति दी है, लेकिन प्रस्तावित जुलूस के लिए आवेदन नहीं मिलने की बात कही है।

Also Read: INDIA ब्लॉक की रैली के लिए सुरक्षा का कड़ा पहरा, 14 जोन में बंटा रामलीला मैदान, 4 हजार जवान तैनात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.