पीएम मोदी के नेतृत्व में लौटा अयोध्या का प्राचीन वैभव: सीएम योगी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में अयोध्या की प्राचीन गरिमा को आधुनिक विकास का नया विस्तार मिला है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में लगातार बढ़ रहा पर्यटन स्थानीय व्यापार को संबल दे रहा है, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर रहा है और स्थानीय परिवारों में समृद्धि की नई आशाएं जगा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि अयोध्या सभ्यता की जन्मभूमि, संस्कृति की प्राणधारा और हमारी आस्था की शाश्वत ज्योति है। लेकिन वर्ष 2017 से पहले यह दिव्य नगरी उपेक्षा, अव्यवस्था और तुष्टीकरण का तेजाबी दंश सहने के लिए विवश थी। तब श्रद्धालुओं की यात्रा कठिन, नगर की व्यवस्थाएं जर्जर और स्थानीय परिवारों की संभावनाएं अत्यंत सीमित थीं।
आधुनिक विकास से समृद्ध हुई रामनगरी
सीएम ने आगे लिखा कि भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से लेकर राम पथ, धर्म पथ, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन तक, हर निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा और राम नगरी के गौरव से जुड़ा है। कभी विकास की प्रतीक्षा करती अयोध्या आज अपनी विरासत को सहेजते हुए प्रगति का नया अध्याय लिख रही है। असंख्य सनातनियों की आस्था और आराधना का यह केंद्र ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करते हुए सांस्कृतिक चेतना और समृद्धि का उज्ज्वल प्रतीक बन चुका है।
गोरखपुर के चौरी चौरा को मिलेगी 287 करोड़ की सौगात
एक अन्य पोस्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि रविवार को गोरखपुर के चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में 287 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 84 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसमें चौरी चौरा-भोपा बाजार-मुण्डेरा बाजार-सोनबरसा मार्ग पर समपार संख्या 147-बी पर रेल ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त, 495 करोड़ रुपये से अधिक लागत की गोड़धोइया नाला परियोजना का प्रथम चरण जनता को समर्पित किया जाएगा, जबकि 880 करोड़ रुपये से अधिक लागत के इसके द्वितीय चरण, गोरखपुर सीवरेज योजना (जोन ए-3) और प्रस्तावित सर्विस रोड की आधारशिला रखी जाएगी।
Also Read: IND vs NZ: न्यूजीलैंड में ऋषभ पंत के खेलने पर सस्पेंस, बुमराह-जडेजा को लेकर आया बड़ा अपडेट

