सहारनपुर में आकाश आनंद का भाजपा-कांग्रेस पर हमला, नकुड़ से नरेश सैनी प्रत्याशी घोषित
Akash Anand Saharanpur Rally: सहारनपुर में बसपा (BSP) की जनसभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने भाजपा (BJP) और कांग्रेस (Congress) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दोनों पार्टियों को एक सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि इनके शासन में कोई खास अंतर नहीं है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को भी उन्होंने भ्रमित नेता बताया। इस दौरान उन्होंने नकुड़ विधानसभा सीट से नरेश सैनी को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया।
आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले 10 साल में सात हजार करोड़ रुपये झूठे विज्ञापनों और बैनरों पर खर्च किए गए। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक के मुद्दे उठाते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार नहीं देना चाहती। इसी वजह से जानबूझकर पेपर लीक कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार चाहिए, मुफ्त का राशन नहीं।
कांग्रेस और अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए Akash Anand ने कहा कि पार्टी हर मुद्दे पर बाबा साहब का नाम लेती है, लेकिन उनकी सरकारों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर (Dr. B. R. Ambedkar) को भारत रत्न देने में दशकों लगा दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों ने संविधान में आरक्षण की व्यवस्था को भी पूरी तरह लागू नहीं किया।
उन्होंने झारखंड में पेपर लीक के दौरान कांग्रेस की चुप्पी और आंदोलन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज का जिक्र किया। दिल्ली में जेनजी (Gen Z) आंदोलन के दौरान राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के पहुंचने पर भी सवाल उठाए। भाजपा और कांग्रेस के लिए उन्होंने कहा कि इनमें एक नाग है तो दूसरा शेषनाग।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वह किस दिशा में जा रहे हैं। कभी PDA में ‘P’ का मतलब पंडित बताते हैं तो कभी पिछड़ा। उन्होंने जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) को लेकर दिए गए ‘चवन्नी’ वाले बयान पर भी आपत्ति जताई और सपा सरकार के दौरान हुए मुजफ्फरनगर दंगे का जिक्र किया।
नकुड़ से नरेश सैनी को टिकट
भाषण के दौरान आकाश आनंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव का नाम लेते हुए सम्मानसूचक संबोधन का इस्तेमाल किया। जब भीड़ में एक युवक ने अखिलेश यादव को ‘अंकल जी’ कहा तो आकाश आनंद ने जवाब दिया कि ऐसा जनता बोल सकती है, वह नहीं।
जनसभा में नरेश सैनी को नकुड़ विधानसभा सीट (Nakur Assembly Seat) से बसपा प्रत्याशी घोषित किया गया। इससे पहले पार्टी सहारनपुर देहात से फिरोज आफताब को उम्मीदवार बना चुकी है। बेहट सीट से रोहित राणा का नाम भी तय माना जा रहा है।

