राहुल गांधी ने PM मोदी को दी खुली बहस की चुनौती, बोले- विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और बने हुए हैं

Rahul Gandhi Challenges PM Modi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हैं और उसी के सहारे पद पर बने हुए हैं। राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती भी दी है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर लिखा, ”मोदी जी इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से पीएम बने हैं। विदेशी मदद से ही पीएम बने हुए हैं। आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के कंट्रोल में और समर्थन से है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है।”

उन्होंने आगे कहा, ”मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए। आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं।”

PM मोदी के बयान पर राहुल गांधी का पलटवार

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के 31 अक्टूबर के भाषण के बाद आया है। गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (Statue of Unity) पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा था।

प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश को बांटने की कोशिश करने वाली ताकतें सोशल मीडिया का इस्तेमाल अफवाहें फैलाने और भारत की छवि खराब करने के लिए कर रही हैं। उन्होंने विपक्ष को बाधा डालने वाली ताकत बताया और ‘दिमागी नक्सलों’ के प्रति सतर्क रहने की बात कही थी।

पीएम मोदी ने अपने भाषण में सेक्युलर सिविल कोड की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत पर भी जोर दिया था। इसी बयान के बाद Rahul Gandhi ने विदेशी मदद और सोशल मीडिया के मुद्दे पर प्रधानमंत्री को घेरा और बहस की चुनौती दी।

Also Read: ‘ठीक से दिखावा भी नहीं कर पाए’, रामलीला मैदान की रैली में AI तस्वीर को लेकर किरेन रिजिजू का कांग्रेस पर तंज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.