UP में अग्निवीरों को 20% आरक्षण, बिना लिखित परीक्षा मिलेगी नौकरी, योगी ने किए कई बड़े ऐलान
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने गोंडा में अग्निवीरों, गरीब परिवारों और युवाओं के लिए कई घोषणाएं कीं। गौरा विधानसभा क्षेत्र के तेजपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 520 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान सबसे बड़ी घोषणा चार साल की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य के सरकारी विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की रही। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन पदों पर अग्निवीरों को बिना लिखित परीक्षा सीधी भर्ती का मौका मिलेगा।
गरीब परिवारों को मुफ्त LPG सिलेंडर
त्योहार से पहले राहत देते हुए सीएम योगी ने घोषणा की कि दीपावली से ठीक पहले गरीब परिवारों को एक भरा हुआ LPG सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा। उन्होंने हर गरीब परिवार को रसोई गैस कनेक्शन देने की बात भी कही।
कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने माफियाओं और दंगाइयों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को जेल या जहन्नुम जाना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अब दंगा और कर्फ्यू से मुक्त है।
सपा-कांग्रेस पर निशाना, भर्तियों का भी ऐलान
समाजवादी पार्टी (SP) पर हमला बोलते हुए योगी ने उसके शासनकाल को श्राप बताया। उन्होंने रामभक्तों पर गोली चलाने और त्योहारों के दौरान कर्फ्यू लगने का जिक्र किया। कांग्रेस (Congress) पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आस्था का सम्मान और विकास का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने आने वाली भर्तियों का ब्योरा देते हुए बताया कि इसी सप्ताह 4,500 सब-इंस्पेक्टर (SI) को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। दीपावली के तुरंत बाद 35,000 पुलिस कांस्टेबल और 42,000 होमगार्ड को जॉइनिंग लेटर देने की बात कही। इसके बाद शिक्षक और अधीनस्थ सेवा के 25 से 30 हजार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का ऐलान किया।
CM Yogi ने यह भी कहा कि प्रदेश में पराली और गोबर से बायोगैस व इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को इनसे भी आमदनी हो सकेगी।
Also Read: अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- सत्ता जाने के डर से अन्याय कर रही सरकार

