लखनऊ में एंबुलेंस ने स्कूटी सवारों को कुचला, एक की मौत, टक्कर के बाद भी नहीं रोका वाहन
Lucknow News: लखनऊ के सरोजनीनगर (Sarojini Nagar) इलाके में एक तेज रफ्तार एंबुलेंस (Ambulance) ने स्कूटी सवार दो लोगों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए, लेकिन एंबुलेंस चालक ने वाहन रोकने के बजाय उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय आशीष कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। आशीष अपने पड़ोसी वेदांत के साथ ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक निजी दवा कंपनी में काम करते थे। दोनों रोज की तरह सुबह स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। स्कूटी आशीष चला रहे थे और वेदांत पीछे बैठे थे।
रॉन्ग साइड से आई बाइक, पीछे से एंबुलेंस ने मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, दोनों ट्रांसपोर्ट नगर के पार्किंग नंबर-9 के पास पहुंचे थे, तभी सामने से एक बाइक सवार गलत दिशा में आ गया। उसे देखकर आशीष ने स्कूटी में अचानक ब्रेक लगा दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस ने नियंत्रण खो दिया और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि आशीष और वेदांत स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि एंबुलेंस चालक ने इसके बाद भी ब्रेक नहीं लगाया और दोनों को कुचलते हुए मौके से भाग निकला।
आशीष की मौत, परिवार में मचा कोहराम
राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि वेदांत की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है।
आशीष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनके परिवार में पत्नी ऋचा और आठ साल का बेटा है। सरोजनीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर फरार एंबुलेंस और उसके चालक की तलाश कर रही है।
Also Read: KGMU धर्मांतरण केस में STF की जांच तेज, शिकायतें दबाने के आरोप और 6 अवैध मजारें चिह्नित

