वाराणसी दौरे पर पहुंची कंगना रनौत ने की पीएम मोदी के विकास कार्यों की तारीफ

Varanasi News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद और प्रसिद्ध अभिनेत्री कंगना रनौत अपने निजी दौरे पर वाराणसी (काशी) पहुंची हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने काशी के प्रति अपना विशेष लगाव जताते हुए कहा कि बनारस हमेशा से उनके दिल के करीब रहा है। उन्होंने बताया कि भले ही वे यहाँ अपने व्यक्तिगत कार्य से आई हैं, लेकिन बनारस की गलियों में घूमने-फिरने, यहाँ के प्रसिद्ध स्थानों का आनंद लेने और खरीदारी करने के लिए उनका मन बेहद उत्सुक है।

अखिलेश यादव के मेट्रो प्रोजेक्ट पर किया पलटवार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने हालिया वाराणसी दौरे के दौरान वादा किया था कि यूपी में सपा सरकार बनने पर वाराणसी में ट्रैफिक समस्या खत्म करने के लिए मेट्रो चलाई जाएगी और वरुणा रिवरफ्रंट का काम फिर से शुरू किया जाएगा। अखिलेश के इस बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कंगना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही बनारस में लाखों-करोड़ों रुपये का निवेश कर यहाँ का पूरी तरह कायाकल्प कर दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि सपा सरकार के दौरान और उनके पिताजी (मुलायम सिंह यादव) के समय बनारस का क्या हाल था और उस दौर में किस तरह गोलियाँ चलवाई गई थीं।

पूरी दुनिया देख रही है यूपी और काशी का कायाकल्प

कंगना रनौत ने जोर देकर कहा कि काशी, अयोध्या समेत पूरे उत्तर प्रदेश का जो उद्धार दिन-ब-दिन हो रहा है, उसे अब अलग से बताने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि पूरी दुनिया इस अभूतपूर्व विकास को देख रही है। उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव ने दावा किया था कि उनकी पिछली सरकार के समय 10-11 साल पहले ही वाराणसी मेट्रो की योजना बनाई गई थी, जिसे सपा की सरकार आने पर अमल में लाया जाएगा, लेकिन कंगना ने इसे पीएम मोदी के विकास मॉडल के आगे पूरी तरह नकार दिया।

Also Read: राहुल-अखिलेश पर बरसे सीएम योगी, बोले- लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है

Get real time updates directly on you device, subscribe now.