यूपी के हर जिले तक पहुंचेगा टेनिकॉइट, युवाओं को खेल से जोड़ने की तैयारी तेज
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में टेनिकॉइट खेल को बढ़ावा देने और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इससे जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को लखनऊ में टेनिकॉइट फेडरेशन ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश टेनिकॉइट एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खेल की पहुंच बढ़ाने और संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक में नए खिलाड़ियों को आगे आने का मौका देने और प्रदेशभर में टेनिकॉइट की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।
फेडरेशन और प्रदेश एसोसिएशन के पदाधिकारी हुए शामिल
बैठक में टेनिकॉइट फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एम.आर. दिनेश कुमार, उपाध्यक्ष एस.पी. गौड़ और सह-सचिव विजेंदर शामिल हुए। उत्तर प्रदेश टेनिकॉइट एसोसिएशन की ओर से महासचिव सिकंदर विलियम, कोषाध्यक्ष मोहम्मद नदीम और सह-सचिव परवेज आलम खान ने हिस्सा लिया।
इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने एसोसिएशन के चेयरमैन सय्यद रफत जुबैर रिजवी से मुलाकात भी की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में टेनिकॉइट की पहुंच बढ़ाने, नए खिलाड़ियों को अवसर देने और खेल से जुड़ी गतिविधियों को बेहतर ढंग से चलाने के उपायों पर विचार किया गया।
हर क्षेत्र तक खेल पहुंचाने का लक्ष्य
एसोसिएशन के चेयरमैन सय्यद रफत जुबैर रिजवी ने कहा कि संगठन पूरे उत्तर प्रदेश में टेनिकॉइट के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कोशिश होगी कि यह खेल प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचे और अधिक से अधिक युवाओं को इसमें शामिल होने का अवसर मिले।
बैठक में पदाधिकारियों ने खेल के विकास के लिए आपसी तालमेल और लगातार प्रयास करने की जरूरत बताई। साथ ही प्रदेश में संगठन का विस्तार करने और टेनिकॉइट को लोकप्रिय बनाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति बनी।
Also Read: ‘सनातन की बात करने पर हिंदू ही चढ़ बैठते हैं’, राजा भैया ने की एकजुटता की अपील

