स्वामी प्रसाद का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- INDIA गठबंधन के लिए सपा प्रमुख के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन के भीतर सियासी बयानबाजी और शह-मात का खेल तेज हो गया है। अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने गठबंधन में शामिल होने को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के रुख पर कड़ा एतराज जताया है। मौर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें INDIA गठबंधन में रहने या शामिल होने के लिए अखिलेश यादव से किसी प्रकार के ‘सर्टिफिकेट’ की जरूरत नहीं है।

गठबंधन का फैसला केवल कांग्रेस नेतृत्व के हाथ में

अखिलेश यादव द्वारा अपनी जनता पार्टी की एंट्री से इनकार किए जाने के सवाल पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने सारा दारोमदार कांग्रेस पर डाल दिया। उन्होंने कहा कि पूरा INDIA गठबंधन कांग्रेस के नेतृत्व में गठित हुआ है, इसलिए इसमें किसी दल को शामिल करने या न करने का अधिकार केवल कांग्रेस नेतृत्व का है। राहुल गांधी की तारीफों के पुल बांधते हुए मौर्य ने उन्हें पूरे देश का सर्वमान्य नेता और ‘हीरो’ करार दिया। हाल ही में आयोजित एक रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि उसमें 60 प्रतिशत से अधिक भीड़ कांग्रेस और राहुल गांधी के आह्वान पर आई थी।

सपा सांसद अवधेश प्रसाद के बयान पर पलटवार

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने मौर्य के प्रयासों पर तंज कसते हुए कहा था कि वे कितनी भी कोशिश कर लें, उन्हें गठबंधन में नहीं लिया जाएगा। इस पर तीखा प्रहार करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि जो लोग ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं, वे असल में भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देने वाले नेता चाहते हैं कि बीजेपी सत्ता में बनी रहे।

राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात और आगे की रणनीति

राजेंद्र पाल गौतम के साथ हुई हालिया मुलाकात पर जानकारी देते हुए मौर्य ने बताया कि यह बातचीत लोकतंत्र बचाने के उद्देश्य से आयोजित रैली की सफलता और बधाई संदेशों तक सीमित थी। राजनीतिक गलियारों में स्वामी प्रसाद मौर्य के इन बयानों को कांग्रेस के करीब जाने और समाजवादी पार्टी पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में सपा और मौर्य के बीच जुबानी जंग और तीखी होने के आसार हैं।

Also Read: वृंदावन बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन के लिए लागू हुआ पर्ची सिस्टम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.