UP इलेक्शन से पहले चुनाव आयोग ने घटाए 3,786 बूथ, 1.73 लाख पोलिंग स्टेशनों को मंजूरी

UP Assembly Election 2027 Polling Booths: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों का नए सिरे से निर्धारण कर दिया है। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों और 75 जिलों के लिए तैयार बूथों के पुनर्गठन प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके बाद राज्य में मतदेय स्थलों की संख्या 1,77,516 से घटकर 1,73,730 रह गई है। यानी पहले के मुकाबले 3,786 बूथ कम हो गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को बताया कि 1,200 मतदाताओं के निर्धारित मानक के आधार पर तैयार प्रस्ताव को भारत निर्वाचन आयोग ने 4 नवंबर को मंजूरी दी है। बूथों के पुनर्गठन की प्रक्रिया 16 अक्टूबर से शुरू हुई थी।

बूथ बदलने पर BLO देंगे लिखित जानकारी

विशेष सारांश पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का मसौदा अब मंजूर किए गए 1,73,730 मतदान केंद्रों पर प्रकाशित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 तय की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को नए मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिन मतदाताओं के बूथ बदले गए हैं, उन्हें संबंधित बीएलओ लिखित रूप में इसकी जानकारी देंगे। पूरी प्रक्रिया की निगरानी बीएलओ सुपरवाइजर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) करेंगे।

एक परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही बूथ पर

निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि एक परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची के एक ही भाग में दर्ज होने चाहिए। अगर मसौदा सूची प्रकाशित होने के बाद किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर मिलते हैं, तो फॉर्म-8 के जरिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन कराया जाएगा।

आयोग ने अनुमोदित बूथों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। नए और बदले हुए बूथों का प्रचार किया जाएगा, ताकि मतदान के दिन लोगों को परेशानी न हो।

Also Read: दिवाली के बीच UP में बम धमाकों की धमकी, अयोध्या-काशी-मथुरा निशाने पर, स्कूलों को भी चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.