UP में नशे के तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 70 लाख का गांजा और 30 लाख की शराब जब्त

UP Illegal Liquor Seizure: उत्तर प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने तीन जिलों में कार्रवाई की है। महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा के रास्ते लाई गई करीब 70 लाख रुपये की गांजे की खेप पकड़ी गई। आगरा में बाजरे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 30 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वहीं, औरैया में कच्ची शराब बनाने के ठिकानों पर छापेमारी कर 30 लीटर शराब और करीब 1200 किलो लहन नष्ट कराया गया।

महराजगंज में स्कॉर्पियो से मिला 123 किलो गांजा

महराजगंज के ठूठीबारी थाना क्षेत्र में पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम ने नौवाबारी के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो को रोका। तलाशी लेने पर उसमें से 1 क्विंटल 22 किलो 975 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में ठूठीबारी पुलिस, एटीएस सिद्धार्थनगर और एटीएस गोरखपुर की टीम ने यह कार्रवाई की। मौके से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान कुशीनगर निवासी नैमुन निशा उर्फ जहांतारा और राजेंद्र गौड़ उर्फ रविंद्र के रूप में हुई है।

शुरुआती जांच में पता चला कि गांजा नेपाल से लाया गया था और इसे कुशीनगर के रास्ते बिहार पहुंचाने की तैयारी थी। पुलिस के मुताबिक, शक से बचने के लिए आरोपी महिला को भी गाड़ी में साथ रखते थे। स्कॉर्पियो पर अलग-अलग स्टीकर, बैनर और झंडे लगाए जाते थे, ताकि वाहन की पहचान छिपाई जा सके। गिरफ्तार राजेंद्र गौड़ के खिलाफ 2020 और 2023 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे भी दर्ज हैं। पुलिस नेटवर्क के दूसरे सदस्यों की तलाश कर रही है।

आगरा में 30 लाख की शराब, औरैया में 1200 किलो लहन नष्ट

आगरा कमिश्नरेट की मलपुरा थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब (Liquor) की 201 पेटियां बरामद की हैं। इनकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। शराब को बाजरे की बोरियों के नीचे छिपाया गया था। पुलिस ने प्रेम सिंह नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है।

डीसीपी आदित्य सिंह के मुताबिक, पुलिस को हरियाणा से शराब की खेप आगरा पहुंचने की सूचना मिली थी। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि शराब हरियाणा और पंजाब से मंगवाई गई थी। इसे राजस्थान के पंचायत चुनाव में खपाने की तैयारी थी। आरोपी ने बताया कि उसने 201 पेटियां जमा की थीं और इस काम में उसका बेटा व साला भी मदद करते थे। शराब की पेटियों पर चंडीगढ़ में बिक्री किए जाने का उल्लेख था, लेकिन इन्हें दूसरे राज्यों में ले जाया जा रहा था।

उधर, औरैया के बिधूना क्षेत्र में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने आदर्श नगर और किरतपुर मोहल्ले में छापेमारी की। आबकारी निरीक्षक भगवान बख्श के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में 30 लीटर तैयार कच्ची शराब और करीब 1200 किलो लहन बरामद हुआ। लहन को जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाया गया था। टीम ने मौके पर ही इसे नष्ट करा दिया।

इससे पहले शहर की पछैया बस्ती में छापेमारी के दौरान करीब 800 किलो लहन नष्ट किया गया था। ताजा मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

Also Read: लखनऊ में छेड़छाड़ से परेशान 16 साल की शगुन ने दी जान, दरोगा निलंबित, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.