रामपुर में 5 साल की बच्ची से रेप कर प्राइवेट पार्ट में डाली लकड़ी, फिर हत्या, 12 साल का आरोपी गिरफ्तार

Rampur Minor Rape and Murder Case: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के शाहबाद में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पांच साल की बच्ची को रिश्ते में भाई लगने वाला 12 वर्षीय किशोर दुकान से लॉलीपॉप दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया, उसके प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डालकर बर्बरता की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। गुरुवार सुबह बच्ची का शव लक्खी बाग के जंगल में अर्धनग्न हालत में मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना बुधवार दोपहर की है। मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। बच्ची के पिता उसकी अंत्येष्टि में शामिल होने गए थे। जब वह घर लौटे तो उनकी पांच साल की बेटी गायब थी। परिवार ने आसपास और संभावित जगहों पर तलाश की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चला। इसके बाद बुधवार रात पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

लॉलीपॉप का लालच देकर जंगल ले गया था

पुलिस की जांच में सामने आया कि रिश्ते में भाई लगने वाला 12 वर्षीय किशोर बच्ची को दुकान से लॉलीपॉप दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। गुरुवार सुबह पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से तलाश कराई तो लक्खी बाग के जंगल में बच्ची का शव मिला। वह अर्धनग्न अवस्था में था। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे। शुरुआती जानकारी में बच्ची के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाले जाने की बात भी सामने आई है।

घटना (Rampur Minor Rape and Murder Case) की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनिल कुमार, एएसपी अनुराग सिंह, सीओ देवकीनंदन, सीओ हर्षिता सिंह और सीओ क्राइम समेत क्राइम ब्रांच व एसओजी की टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

CCTV फुटेज से पकड़ा गया 12 साल का किशोर

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से किशोर तक पहुंची। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, किशोर ने बच्ची की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। दुष्कर्म और यौन हिंसा से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इन तथ्यों और मौत के कारण की पुष्टि होगी।

एसपी अनिल कुमार सिसौदिया ने बताया कि बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें गठित कर दी गई थीं। रातभर उसकी तलाश की गई और गुरुवार सुबह लक्खी बाग में शव मिला। उन्होंने बताया कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी किशोर को पकड़ा गया।

Also Read: UP में नशे के तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 70 लाख का गांजा और 30 लाख की शराब जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.