लखनऊ में कैश लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 साथियों के साथ मास्टरमाइंड गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ में कैश और कृषि उत्पादों के कारोबारियों के कूरियर को निशाना बनाकर लाखों-करोड़ों रुपये लूटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का STF ने खुलासा किया है। टीम ने गिरोह के मास्टरमाइंड दिनेश चंद्र यादव उर्फ छोटू समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूट के 48 लाख 45 हजार रुपये नकद, 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो कारतूस, वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार और बाइक बरामद हुई है।
STF के मुताबिक, आरोपियों को 8 नवंबर की रात करीब 1:50 बजे गोमतीनगर थाना क्षेत्र में सहारा पुल के नीचे क्रिकेट एकेडमी के गेट के पास से पकड़ा गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य दीपावली पर लूटी गई रकम बांटने और किसी नई वारदात की योजना बनाने के लिए सफेद बलेनो कार और बाइक से वहां जुटे हैं।
कूरियर की रेकी कर टक्कर मारते, फिर पिस्टल दिखाकर लूटते थे
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश चंद्र यादव उर्फ छोटू (23), सौरभ यादव (25), अमन उर्फ रमन यादव (25), सौरभ दीक्षित (22), मोहित कनौजिया (24) और ज्ञान सिंह (25) शामिल हैं। STF के अनुसार, गिरोह गुजरात और लखनऊ के बीच नकदी लाने-ले जाने वाले कूरियर की जानकारी जुटाता था। अमृत लाल पाल नाम का व्यक्ति कारोबारियों और कूरियर की गतिविधियों की सूचना गिरोह को देता था।
आरोपी पहले बाइक से रेकी करते थे। फिर सुनसान जगह पर कार से स्कूटी को टक्कर मारकर कूरियर को गिरा देते थे। इसके बाद पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते और लोहे की रॉड व डंडों से पिटाई कर नकदी से भरा बैग लूट लेते थे।
STF ने पूछताछ के आधार पर कई वारदातों का खुलासा किया है। इनमें 2 मई को विराजखंड सब्जी मंडी के पास 22 लाख रुपये, 3 जुलाई को विराजखंड में 45 लाख रुपये, 3 सितंबर को मेयो अस्पताल के पास 80 लाख रुपये और 24 अक्टूबर को आशियाना के सेक्टर-G में 1.55 करोड़ रुपये की लूट शामिल है। आरोपियों ने इसके अलावा दयाल चौराहा, ग्वारी चौराहा और शंकर चौराहा पर भी कूरियर को लूटने की कोशिश की थी।
STF के मुताबिक, बरामद 48.45 लाख रुपये इन्हीं वारदातों में लूटी गई रकम का बचा हुआ हिस्सा है। आरोपियों को गोमतीनगर थाने में पहले से दर्ज मुकदमे के तहत दाखिल किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।
Also Read: यूपी एसटीएफ ने 10 साल से फरार चल रहे इनामी बदमाश शेखर सिंह को गुरुग्राम से किया गिरफ्तार

