यूपी एसटीएफ ने 10 साल से फरार चल रहे इनामी बदमाश शेखर सिंह को गुरुग्राम से किया गिरफ्तार
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने 10 साल से फरार चल रहे 50,000 रुपये के इनामी वांछित अपराधी शेखर सिंह को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कमिश्नरेट प्रयागराज के थाना झूसी में वर्ष 2016 में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों से संबंधित मुकदमा (मु.अ.सं.-212/2016, धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादवि) दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी शेखर सिंह ने खुलासा किया कि उसने अपने चचेरे भाई उमेश कुमार सिंह के शेयर मार्केट के पैसों को फर्जी आईडी प्रूफ बैंक में लगाकर धोखाधड़ी कर निकाल लिया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही वह पिछले लगभग 10 वर्षों से लगातार फरार चल रहा था।
फरारी के दौरान वह गुरुग्राम (हरियाणा) और नोएडा की विभिन्न कंपनियों (जैसे यूके स्टडी इन कंपनी) में नौकरी करता रहा। इनाम घोषित होने की भनक लगने के बाद वह पूरी तरह छिपकर रह रहा था। एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर सत्यम पीजी हॉस्टल, सुखरैली (गुरुग्राम) से उसे धर दबोचा। आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय थाने की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
Also Read: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू झांसी से गिरफ्तार

