सिद्धार्थनगर से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के लिए तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना
Siddharthnagar News: संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के तत्वावधान में जिला प्रशासन और जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, सिद्धार्थनगर द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व तीर्थ यात्रा का रविवार को औपचारिक शुभारंभ हुआ। जनपद से विभिन्न वर्गों के 10 तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को भव्य समारोह के बीच रवाना किया गया।
हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
तीर्थयात्रियों को लेकर बस को जनपद मुख्यालय से प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी (CDO) नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी और नोडल अधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया। यह जत्था पहले बस द्वारा लखनऊ पहुंचेगा, जहाँ से तीर्थयात्रियों के लिए सोमनाथ जाने हेतु विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है। सरकार की इस योजना का मुख्य लक्ष्य आम नागरिकों को देश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों से जोड़ना है।
प्रभारी सीडीओ नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि ऐसी यात्राएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और लोगों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करती हैं। इससे न केवल धार्मिक श्रद्धा को बल मिलता है, बल्कि पर्यटन क्षेत्र को भी नया विस्तार प्राप्त होता है। इस यात्रा के सफल आयोजन में जिला सेवायोजन अधिकारी/नोडल अधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व के साथ उनके सहायक सिद्धार्थ शंकर का विशेष योगदान रहा। उनके परिश्रम से तीर्थयात्रियों के चयन और रवानगी की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हुई।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष सतीश रस्तोगी, पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर केपी त्रिपाठी, हर्षवर्धन नाथ गौतम, गिरीश चंद्र मिश्र, पंकज श्रीवास्तव, राजेश जायसवाल, कमलेश कुमार गुप्ता, संत राम सुधार चौधरी और रमेश चंद सहित अनेक गणमान्य नागरिक और अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान

