भोपाल-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट में इंजन की खराबी, जयपुर में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
Bhopal Delhi Flight: भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI1886 में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। इंजन में गड़बड़ी की सूचना मिलने के बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान का रूट बदल दिया। इसके बाद फ्लाइट को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
तय समय से 22 मिनट बाद भरी उड़ान
एयर इंडिया की यह फ्लाइट भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से सुबह 8:47 बजे रवाना हुई। विमान का निर्धारित उड़ान समय सुबह 8:25 बजे था। इसे तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 9:55 बजे दिल्ली पहुंचना था। हालांकि, रास्ते में इंजन में खराबी का पता चलने के बाद विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय जयपुर डायवर्ट कर दिया गया।
पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC से संपर्क किया। इसके बाद जयपुर एयरपोर्ट पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए और विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
तकनीकी टीम कर रही विमान की जांच
लैंडिंग के बाद ग्राउंड स्टाफ और एयर इंडिया की टेक्निकल टीम विमान की जांच में जुट गई है। विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
इससे पहले लखनऊ से दम्माम जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E97 को बम की धमकी के बाद अहमदाबाद डायवर्ट किया गया था। विमान में सवार 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सुरक्षित उतारे गए। तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
31 अगस्त को दम्माम से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को भी ऐसी ही धमकी के बाद अहमदाबाद में उतारा गया था। जांच में वह धमकी फर्जी निकली थी।
Also Read: ‘आकाश आनंद अपने दिमाग से नहीं, ससुर के इशारे पर चल रहे…’: सेहत की अफवाहों पर भड़कीं मायावती

