बागेश्वर बाबा के पोस्टर जलाने पर कांग्रेस नेता को नोटिस, बंगाल में बढ़ा विवाद
Bengal News: पश्चिम बंगाल में बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री की दुर्गा पूजा को लेकर की गई टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। बाबा बागेश्वर के पोस्टर जलाने के मामले में कांग्रेस नेता आशुतोष चटर्जी को पुलिस ने पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है।
कांग्रेस महासचिव को थाने बुलाया
राज्य कांग्रेस महासचिव आशुतोष चटर्जी ने बताया कि भवानीपुर पुलिस स्टेशन से उन्हें सुबह करीब 10 बजे नोटिस मिला। इसमें शाम 3 बजे तक पुलिस अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने इस संबंध में पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार को भी जानकारी दे दी है।
इस मामले में कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अतनु दास को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने बाबा बागेश्वर के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान उनके पोस्टर जलाए थे।
शुभेंदु अधिकारी ने गिरफ्तारी की बात कही
विवाद के बीच बीजेपी नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि संत ने अपनी राय रखी थी और किसी पर कुछ थोपा नहीं था। इसके बावजूद तस्वीरें जलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कोलकाता पुलिस आयुक्त से संबंधित लोगों को गिरफ्तार करने को कहा था।
मछली खाकर दिया राजनीतिक संदेश
दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री ने दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन छोड़ने की अपील की थी। उन्होंने ऐसे अवसर पर मांस खाने वालों को ‘पाखंडी’ कहा था। कांग्रेस ने इसे बंगालियों की धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बयान बताते हुए शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने कौशिकी अमावस्या पर मंदिर में पूजा की और सार्वजनिक तौर पर मछली का भोग ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि संत अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन उसे मानना या न मानना लोगों की इच्छा है।

