‘आकाश आनंद अपने दिमाग से नहीं, ससुर के इशारे पर चल रहे…’: सेहत की अफवाहों पर भड़कीं मायावती
Mayawati: बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को अपनी सेहत को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर सफाई दी। उन्होंने पार्टी से निकाले गए कुछ लोगों पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। मायावती ने इस दौरान अपने भतीजे आकाश आनंद का भी जिक्र किया और उन पर गंभीर टिप्पणी की।
आकाश आनंद की फोन कॉल का किया जिक्र
मायावती ने बताया कि शनिवार रात 10:04 बजे पार्टी ऑफिस इंचार्ज आलोक कुमार के पास आकाश आनंद का फोन आया था। आकाश ने उनकी तबीयत के बारे में पूछा था। आलोक कुमार ने बताया कि मायावती पूरी तरह स्वस्थ हैं। इसके बाद आकाश ने उनसे यह बात मायावती को न बताने के लिए कहा।
मायावती ने कहा कि इसके पीछे आकाश की मानसिकता सही भी हो सकती है और गलत भी। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश अभी भी अपने दिमाग से नहीं, बल्कि अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से चल रहे हैं।
तीन सेक्टरों में बांटा बसपा का काम
मायावती ने बताया कि देश में पार्टी के कामकाज को तीन सेक्टरों में बांटा गया है। यूपी और उत्तराखंड को पहले सेक्टर में रखा गया है। इसकी निगरानी लखनऊ के 9 मॉल एवेन्यू स्थित बसपा कैंप कार्यालय से वह खुद कर रही हैं।
अन्य राज्यों को दो सेक्टरों में बांटा गया है। वहां हर डेढ़ महीने में आनंद कुमार दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्षों के साथ बैठक कर प्रगति रिपोर्ट लेंगे। मायावती ने कहा कि वह अन्य सेक्टर प्रभारियों से फोन पर भी लगातार संपर्क में रहेंगी।
BRICS की तारीफ, पंचायत सहायकों का समर्थन
मायावती ने BRICS सम्मेलन में भारत की उपलब्धियों की तारीफ की। उन्होंने ‘नई दिल्ली घोषणापत्र-2026’ को भारत की कूटनीतिक सफलता बताया। साथ ही लखनऊ के ईको गार्डन में आंदोलन कर रहे पंचायत सहायकों की मानदेय बढ़ाने और पक्की नौकरी की मांग पर सरकार से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की।
Also Read: जावा सागर में लापता जहाज के 102 यात्री बचाए गए, 1 की मौत, 137 की तलाश जारी

