यूपी चुनाव से पहले अखिलेश का ऐलान, सफाईकर्मियों को देंगे सोलर वाले घर
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने वाल्मीकि जयंती के मौके पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई वादे किए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। सफाईकर्मियों के लिए विशेष योजनाएं पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल की जाएंगी। उन्होंने मुफ्त मकान देने का भी वादा किया। अखिलेश के मुताबिक, इन मकानों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को मुफ्त बिजली मिल सकेगी।
सपा प्रमुख ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने की दिशा में काम करने का भी भरोसा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के जरिए वाल्मीकि समाज के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। अखिलेश इससे पहले भी कई चुनावी वादे कर चुके हैं।
सफाईकर्मियों के लिए मकान और मुफ्त बिजली का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर सफाईकर्मियों के हित में योजनाएं बनाई जाएंगी और उन्हें पार्टी के घोषणा पत्र में जगह दी जाएगी। उन्होंने वादा किया कि जरूरतमंद लोगों को मुफ्त मकान बनाकर दिए जाएंगे। मकानों पर सोलर पैनल लगाने की बात भी कही, ताकि बिजली का खर्च कम हो और मुफ्त बिजली मिल सके।
उन्होंने आउटसोर्सिंग व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि इस व्यवस्था के माध्यम से वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ उत्पीड़न हो रहा है। सपा की सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग सेवा समाप्त करने की दिशा में काम किया जाएगा।
भाजपा और चुनाव आयोग पर ‘वोट डकैती’ का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा वोटर लिस्ट में हेराफेरी और धांधली के जरिए ‘वोट डकैती’ करने से बाज नहीं आ रही है।
अखिलेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में नए राजनीतिक साथियों के समाजवादी पार्टी से जुड़ने से पार्टी और पीडीए गठबंधन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों समेत भाजपा और बसपा से सपा में शामिल हुए नेताओं का स्वागत किया। उनके मुताबिक, इन नेताओं के आने से पूरे उत्तर प्रदेश में बड़ा राजनीतिक संदेश गया है।
सपा प्रमुख ने कहा कि पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक नए लोगों के पार्टी से जुड़ने से राजनीतिक हलचल बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए पहले से मजबूत है और नए साथियों के आने से इसका दायरा और बढ़ेगा। उनके अनुसार, सपा में शामिल होने वाले नेता पीडीए के अलग-अलग सामाजिक स्तंभों को मजबूत करेंगे।
सोशल मीडिया पर सवाल उठाने वालों की आवाज दबाने का आरोप
अखिलेश यादव ने सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर अपनी नीतियों की आलोचना करने वाली आवाजों को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सवालों से डरने वाली सरकार लोकतंत्र को कमजोर करती है।
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया पर राज्य सरकार की आलोचना करने वाले एक वीडियो का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में उठाए गए मुद्दों से सरकार इतनी परेशान हुई कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट को निलंबित कर दिया गया। अखिलेश ने दावा किया कि मौजूदा व्यवस्था में सरकार से सवाल पूछने वाले किसी भी व्यक्ति को कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा, ”हमें पता लगाना होगा कि क्या वजह है कि सरकार मेटा के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर भी लोगों को अपनी आवाज उठाने नहीं दे रही है और सच्चाई उजागर करने वाली खबरों को प्रकाशित होने से रोक रही है।”
अखिलेश ने दावा किया कि अकाउंट निलंबित होने से पहले संबंधित वीडियो को 70 मिलियन यानी सात करोड़ बार देखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में सामने आई बातों से सरकार को काफी परेशानी हुई। सपा प्रमुख के मुताबिक, सरकार ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, जिसमें पिछले 10 वर्षों में की गई उसकी कथित गलतियों पर कोई सवाल न उठाए।

