बेटी ने प्रेमी संग की पिता की हत्या, सिलबट्टे से कुचला सिर, फ्रिज में नहीं समाया शव तो बक्से में छिपाया

Etawah Murder Case: उत्तर प्रदेश के इटावा में प्रेम संबंध का विरोध करने पर एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रच दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पहले पिता को नींद की गोलियां देकर बेहोश किया और फिर चाकू व सिलबट्टे से हमला कर उनकी जान ले ली।

हत्या के बाद शव को फ्रिज में छिपाने की कोशिश की, लेकिन जगह नहीं मिली तो कपड़ों और कंबल में लपेटकर बक्से में बंद कर दिया। घर से बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद मामला सामने आया। पुलिस ने नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी का है। यहां करीब 55 वर्षीय श्याम सुंदर अपनी छोटी बेटी के साथ रहते थे। वह एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड थे। उनकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी और दो बेटियों की शादी हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, छोटी बेटी का अभिलाष सिंह नाम के युवक से प्रेम संबंध था। पिता को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने बेटी को डांटा और संबंध रोकने की कोशिश की। इसी विरोध के चलते हत्या की योजना बनाने का आरोप है।

नींद की गोली देने के बाद किया हमला

पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 की रात श्याम सुंदर घर लौटे थे। आरोप है कि बेटी और उसके प्रेमी ने उन्हें चाय या खाने में नींद की गोलियां दे दीं। बेहोश होने के बाद दोनों ने उन पर हमला किया। चाकू से गला काटने की कोशिश की गई और सिलबट्टे के लोढ़े से सिर व छाती पर वार किए गए। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, आरोपियों ने श्याम सुंदर को चारपाई से बांधकर भी हमला किया था।

हत्या (Etawah Murder Case) के बाद आरोपियों ने शव के हाथ-पैर बांधे और फ्रिज में रखने की कोशिश की। शव नहीं समाया तो उसे कपड़ों और कंबल में लपेटकर बक्से में बंद कर दिया। घर पर ताला लगाकर दोनों फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, सबूत मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन नाले में फेंक दिया गया।

पांच महीने पहले रिचार्ज कराते समय हुई थी मुलाकात

घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बक्से से शव बरामद किया और फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटवाए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद जांच शुरू की गई।

SSP के मुताबिक, लड़की और अभिलाष की मुलाकात करीब पांच महीने पहले फोन नंबर रिचार्ज कराने के दौरान हुई थी। पुलिस का दावा है कि बेटी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। दोनों को ग्राम सराय ऐसर के पास चकरोड से गिरफ्तार किया गया। मामले (Etawah Murder Case) में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर कर रही है।

Also Read: Lucknow News: पार्किंग विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 की मौत, पकड़ा गया आरोपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.