प्रयागराज में पेशी के बाद झांसी जेल लौटा अतीक का बेटा अली, कौशांबी में भाई अहजम से पूछताछ
Ali Ahmed: झांसी जिला जेल में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को सोमवार को प्रयागराज कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद देर रात उसे कड़ी सुरक्षा के बीच वापस झांसी जेल लाया गया। अली सुबह करीब 6 बजे झांसी से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। उसकी पेशी 2023 में करेली थाने में पांच लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे से जुड़े मामले में हुई।
वापसी के दौरान अली ने मीडिया से कहा, “लंबा सफर था, भैया… कुछ नहीं कहना चाहेंगे।” 2027 में परिवार से किसी के चुनाव लड़ने के सवाल पर उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी ने वाहन पर तिरपाल डाल दी और अली को सीधे जेल के अंदर ले जाया गया।
कौशांबी में काफिले की चेकिंग
अली का काफिला कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र से गुजरते समय रोका गया। सुरक्षा कारणों से वाहनों की जांच की गई। इस दौरान अतीक के दूसरे बेटे अहजम अहमद की गाड़ी भी रोकी गई और उससे काफी देर पूछताछ के बाद जाने दिया गया।
अली ने पहले आरोप लगाया था कि नैनी जेल से झांसी भेजने के दौरान उसे परेशान किया गया और छोटे वाहन में 5-6 लोगों के साथ सफर कराया गया। उसका कहना था कि रास्ते में पीने का पानी भी नहीं दिया गया। उसने मुख्यमंत्री से भी “बचा लीजिए” कहते हुए परेशानी से राहत की अपील की थी।
अली पर दर्ज हैं 11 मुकदमे
23 वर्षीय अली पर कुल 11 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और हथियार से जुड़े मामले शामिल हैं। नौ मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, जबकि दो में विवेचना जारी है।
अली पर 2021 से मुकदमे दर्ज होने का सिलसिला शुरू हुआ। पुलिस रिकॉर्ड में जीशान से जुड़े रंगदारी और जमीन विवाद, आर्म्स एक्ट, उमेश पाल हत्याकांड में साजिश से जुड़े आरोप, फर्जी आधार कार्ड और 2023 में जमीन कब्जे व रंगदारी से जुड़े कई मामले शामिल हैं।

