सड़क पर दीवार खड़ी करने का आरोप, अहिमामऊ के कॉलोनीवासियों ने थाने में दी शिकायत
Lucknow News : लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अहिमामऊ स्थित स्वातिका सिटी में सड़क का रास्ता कथित तौर पर दीवार खड़ी कर अवरुद्ध किए जाने का मामला सामने आया है। कॉलोनीवासियों की ओर से इस संबंध में थाने में प्रार्थना पत्र देकर रास्ता बाधित करने से रोकने और यथास्थिति बनाए रखने की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि लॉ कॉलेज रोड से राधा कृष्ण मंदिर के बीच का रास्ता कॉलोनी के लोग करीब 10 वर्षों से आने-जाने के लिए इस्तेमाल करते रहे हैं। आरोप है कि नगर निगम की ओर से इसी रास्ते पर आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
निर्माण के दौरान रास्ते में दीवार खड़ी करने का आरोप
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण का काम शुरू किए जाने के दौरान मखीजा नामक व्यक्ति ने रास्ते में दीवार खड़ी करना शुरू कर दिया। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि रास्ता बंद हो गया तो उन्हें सुल्तानपुर रोड की ओर आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मामले में हस्तक्षेप कर रास्ता अवरुद्ध किए जाने से रोकने की मांग की है।
पुलिस से यथास्थिति बनाए रखने की मांग
कॉलोनीवासियों ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दिए प्रार्थना पत्र में अनुरोध किया है कि मामले का संज्ञान लेकर संबंधित व्यक्ति को रास्ते में निर्माण या अवरोध करने से रोका जाए और मौके पर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए जाएं।
शिकायत में नगर निगम द्वारा प्रस्तावित सड़क निर्माण और करीब 10 वर्षों से रास्ते के इस्तेमाल का भी हवाला दिया गया है।

