उद्धव गुट में बगावत के बीच संजय शिरसाट का दावा- 6 सांसदों ने बनाया अलग ग्रुप, स्पीकर को दी जानकारी
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में एक बार फिर भारी उथल-पुथल के संकेत मिल रहे हैं। ऑपरेशन टाइगर की कयासबाजियों के बीच शिंदे गुट के मंत्री संजय शिरसाट ने एक सनसनीखेज दावा किया है। शिरसाट के मुताबिक, उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) के छह सांसदों ने बगावती रुख अख्तियार करते हुए अपना एक अलग गुट बना लिया है। इतना ही नहीं, इस नए धड़े ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर इसकी लिखित सूचना भी दे दी है।
शिरसाट ने मीडिया से बात करते हुए साफ किया कि यह प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है। औपचारिकताएं पूरी होते ही ये सांसद अपने भविष्य का फैसला करेंगे। उन्होंने कहा, अगर ये सांसद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होना चाहते हैं, तो इस पर अंतिम मुहर खुद सीएम शिंदे ही लगाएंगे। उनका जो भी फैसला होगा, वह हमें मंजूर होगा।
संजय राउत और अरविंद सावंत की चेतावनी
दूसरी तरफ, पार्टी में टूट की इन खबरों के बीच उद्धव गुट भी पूरी तरह आक्रामक मूड में आ गया है। दिल्ली में शिवसेना (UBT) संसदीय दल की बैठक से ठीक पहले राज्यसभा सांसद संजय राउत और लोकसभा सांसद अरविंद सावंत ने एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। बालासाहेब ठाकरे की विरासत की दुहाई देते हुए दोनों नेताओं ने दोटूक कहा कि पार्टी अब किसी भी तरह की गद्दारी को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने भी दल को तोड़ने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सड़क से लेकर अदालत तक कानूनी और राजनीतिक जंग लड़ी जाएगी।
इस नए घटनाक्रम ने महाराष्ट्र की सियासत में गरमाहट बढ़ा दी है और अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उद्धव गुट के सांसदों का अगला कदम क्या होता है।
Also Read: लखनऊ में LDA की सरदार पटेल आवासीय योजना पर संकट, सिंचाई विभाग ने फ्लैटों को बताया अवैध

