अमृतसर में ASI की गोली मारकर हत्या, सीएम भगवंत मान और DGP ने जताया गहरा शोक
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के अमृतसर जिले में देर रात ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। गेट हकीमा इलाके में तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) हरजीत सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल ASI को तत्काल अमृतसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है, वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद के परिवार को हरसंभव मदद और 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।
शहीद के परिवार को मिलेगी 2 करोड़ रुपये की सहायता राशि
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर शहीद ASI हरजीत सिंह की बहादुरी और समर्पण को सलाम करते हुए लिखा, अमृतसर में अपनी ड्यूटी निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर हरजीत सिंह की बहादुरी को नमन। पंजाब सरकार इस दुख की घड़ी में शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की घोषणा करते हुए बताया कि पंजाब सरकार की ओर से परिवार को 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि (Ex-gratia) और एचडीएफसी (HDFC) बैंक की तरफ से 1 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान दिया जाएगा।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने भी एएसआई हरजीत सिंह के बलिदान पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस अपने शहीद साथी के परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। DGP ने बताया कि शहीद अधिकारी को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Also Read: एशियन गेम्स में भारत का तूफानी अंदाज, जापान को 57 रन पर समेटकर सेमीफाइनल में मारी एंट्री

