DU में पहली बार शुरू हुआ 1 वर्षीय PG कोर्स, 28 पाठ्यक्रमों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू
DU Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पहली बार एक वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट (PG) कोर्स में दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने 28 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सूची जारी करते हुए पहले चरण का सीट आवंटन भी जारी कर दिया है। अभ्यर्थी 6 अगस्त रात 11:59 बजे तक अपनी आवंटित सीट स्वीकार कर सकते हैं।
किन छात्रों को मिलेगा प्रवेश
विश्वविद्यालय के अनुसार, एक वर्षीय PG कोर्स में केवल वही छात्र प्रवेश के पात्र होंगे जिन्होंने चार वर्षीय स्नातक (Four Year UG Programme) का चौथा वर्ष सफलतापूर्वक पूरा किया हो। यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत लागू की गई है।
इन पाठ्यक्रमों में मानव विज्ञान, जैवरसायन विज्ञान, जैव चिकित्सा विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, गणित, सूक्ष्म जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, सांख्यिकी और प्राणी विज्ञान जैसे विषयों में एमएससी शामिल हैं। वहीं अरबी, बांग्ला, फ्रेंच, जर्मन, हिस्पैनिक, इतालवी, पंजाबी, फारसी और हिंदी पत्रकारिता सहित कई विषयों में एमए कोर्स भी उपलब्ध हैं।
जानें महत्वपूर्ण तारीखें
प्रवेश शाखा के अनुसार, विभाग और केंद्र 8 अगस्त रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन दस्तावेजों का सत्यापन और अनुमोदन करेंगे। जिन छात्रों का आवेदन स्वीकृत होगा, उन्हें 9 अगस्त रात 11:59 बजे तक प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि अन्य पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया की घोषणा अलग से की जाएगी। छात्रों को नियमित रूप से दाखिला पोर्टल पर अपडेट देखने की सलाह दी गई है। इससे पहले जुलाई में छात्रों की मांग को देखते हुए इन कोर्सों की सीटें भी बढ़ाई गई थीं। हाल ही में UGC ने भी ऑनलाइन और ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) मोड में एक वर्षीय PG कोर्स शुरू करने की अनुमति दी थी।
Also Read: 19 साल बाद लौटे इमरान हाशमी के ‘शिवम पंडित’, रिलीज हुआ ‘आवारापन 2’ का दमदार ट्रेलर

