Azamgarh News: पेड़ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार कार, 3 युवकों की मौत, 6 गंभीर
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित जगदीशपुर गांव के पास मंगलवार तड़के एक भयावह सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय निवासियों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
गणेश पूजा और राजभर पंडाल से लौट रहे थे सभी सवार
जानकारी के अनुसार, पंजाब रजिस्ट्रेशन नंबर वाली इस कार में कुल 9 युवक सवार थे, जो फूलपुर से सरायमीर की दिशा में जा रहे थे। ये सभी लोग गणेश प्रतिमा स्थापना और राजभर पंडाल के आयोजन में हिस्सा लेकर लौट रहे थे। सुबह करीब 5 बजे जगदीशपुर के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यम मोदनवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) की मौके पर ही कार के अंदर फंसे रहने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल लकी सोनकर (19) ने फूलपुर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल अंश सोनकर (17), अनमोल मोदनवाल (18), किशन मोदनवाल (20), सक्षम बरनवाल (17), अनुराग पांडेय और कौस्तुभ पांडेय का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिवारों में मातम पसर गया। सूचना पाकर फूलपुर के क्षेत्राधिकारी (CO) किरण पाल सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
Also Read: महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला कार चालक राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार

