Azamgarh: पोल से टकराते ही डीजल टैंकर बना आग का गोला, 3 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Azamgarh Fire Accident: आजमगढ़ के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली। गोरखपुर से डीजल लेकर बिलरियागंज स्थित पेट्रोल पंप जा रहा एक डीजल टैंकर (Diesel Tanker) मालटारी-मिर्जापुर के पास बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल पर लगा ट्रांसफार्मर नीचे गिर पड़ा और कुछ ही पलों में टैंकर में तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई।

आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी टैंकर के करीब नहीं जा सके। देखते ही देखते पूरा टैंकर आग के गोले में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियों को लगाया गया और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

टैंकर में जिंदा जल गए तीन लोग

हादसे में टैंकर सवार तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार की पहचान हो चुकी है। जबकि दो अन्य शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की खबर मिलते ही प्रदीप के परिवार में कोहराम मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंकर बिजली के पोल से टकराया, जिससे ट्रांसफार्मर गिर गया और चिंगारी के बाद डीजल में आग भड़क उठी। पुलिस ने मौके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि हादसे (Azamgarh Fire Accident) के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और मृतकों की पहचान पूरी होने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।

Also Read: Greater Noida की ILGIM कंपनी में भीषण आग, रेस्क्यू के दौरान 2 फायरकर्मियों की मौत, 3 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.