आजमगढ़: दो पुजारी, पत्नी और बेटे का हत्यारा पुलिस एनकाउंटर में ढेर, हुई मौत
Azamgarh Encounter: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में करीब 8 घंटे से चल रहा बंधक संकट पुलिस एनकाउंटर के साथ खत्म हो गया। पत्नी, दो पुजारियों और अपने बेटे की हत्या के बाद आरोपी अरविंद सिंह ने बच्चों को घर में बंधक बना लिया था। करीब 7 घंटे तक पुलिस लगातार उसे समझाती रही, लेकिन वह बच्चों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुआ।
वाराणसी जोन के एडीजी नवीन अरोड़ा के मुताबिक, आरोपी सुबह तक इंतजार करने की बात कह रहा था। इसी दौरान अचानक घर के अंदर से गोली चलने की आवाज आई। पुलिस के अनुसार, अरविंद ने अपने 10 वर्षीय बेटे को गोली मार दी। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना जोखिम लिए स्टेन ग्रेनेड और टियर गैसका इस्तेमाल कर घर में प्रवेश किया।
पुलिस पर 6 राउंड फायरिंग
पुलिस को अंदर आता देख अरविंद ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। उसने करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से अरविंद घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले पत्नी, घर आए दो पुजारियों और फिर अपने बेटे की हत्या की थी। इसके बाद उसने अन्य बच्चों को बंधक बना लिया। आरोपी अपने सबसे छोटे बेटे को हाथ में लिए हुए था। बच्चा हाथ से छूटने के बाद घायल हो गया तो उसने अपनी बेटी को गनपॉइंट पर ले लिया।
एडीजी नवीन अरोड़ा ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई में तीनों बच्चों की जान बचा ली गई। घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल भेजा गया। वहीं, लंबे समय तक बंधक रहने के कारण बाकी दोनों बच्चे डिहाइड्रेशन, भूख-प्यास और मानसिक आघात की स्थिति में थे। उन्हें भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
Also Read: कानपुर में व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या, सड़क पर पड़ा मिला धड़, 12 फीट दूर गड्ढे में पड़ा था सिर

