Bahraich News: हरिकेश शर्मा ने इंटरमीडिएट में किया जिला टॉप, शिक्षामित्र के बेटे ने लहराया सफलता का परचम

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणामों में बहराइच के होनहार छात्र हरिकेश शर्मा ने इतिहास रच दिया है। कैसरगंज क्षेत्र स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज के इस छात्र ने जिले की मेरिट लिस्ट में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।

शिक्षामित्र के बेटे ने पेश की मिसाल

हरिकेश शर्मा कैसरगंज के ग्राम गोडहिया नंबर 1 (सरपंच पुरवा) के निवासी हैं। उनके पिता सुशील कुमार शर्मा एक शिक्षामित्र हैं। एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले हरिकेश की इस असाधारण सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। हरिकेश ने विज्ञान वर्ग (जीव विज्ञान) से परीक्षा उत्तीर्ण की है।

सरदार पटेल इंटर कॉलेज में हरिकेश की सफलता पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक बादशाह सिंह, उप प्रबंधक पवन सिंह और पंकज सिंह पाठक ने छात्र को मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

उप प्रबंधक पवन सिंह ने बताया कि सरदार पटेल इंटर कॉलेज कई वर्षों से लगातार जिले की मेरिट में स्थान बना रहा है। हरिकेश एक अत्यंत मेहनती छात्र थे, जिनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

क्षेत्र में गौरव का क्षण

हरिकेश की इस उपलब्धि से सरपंच पुरवा गांव और कैसरगंज क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है। हरिकेश को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

Also Read: UP News: 1.5 करोड़ का डोडा पोस्ट बरामद, 25 हजारी इनामी बदमाश समेत कई शातिर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.