Ballia News: मैजिक पलटने के बाद ट्रक ने 8 को कुचला, लखनऊ के 4 कलाकारों की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मांझी-छपरा मुख्य मार्ग पर इनई गांव के पास एक मैजिक वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने और फिर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक द्वारा कुचले जाने से लखनऊ निवासी चार कलाकारों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि तीन मृतकों के सिर पूरी तरह कुचल गए और शरीर से अलग हो गए।
बरात में कार्यक्रम कर लौट रही थी टीम
जानकारी के अनुसार, नरही स्थित ‘मुस्कान ऑर्केस्ट्रा’ की टीम छपरा के भगवान बाजार में एक शादी समारोह में डांस कार्यक्रम कर वापस लौट रही थी। बुधवार तड़के जब उनकी मैजिक गाड़ी इनई गांव के समीप पहुंची, तो वह अचानक असंतुलित होकर पलट गई। इसी दौरान सामने से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर गिरे 8 लोगों को रौंद दिया।
मृतकों की पहचान और ऑर्केस्ट्रा संचालक का बयान
आर्केस्ट्रा संचालक अशोक राम ने बताया कि सभी मृतक लखनऊ के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है।
राहुल
अवधेश
प्रीति
सोनी
मृतकों में तीन महिला डांसर शामिल हैं। हादसे की विभीषिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक सिर को कुचलते हुए गुजर गया, जिससे तीन शवों के सिर मौके पर नहीं मिले।
घायलों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई
हादसे में कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें से 4 की मौत हो गई और 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से दो महिला डांसरों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Also Read: पाकिस्तान के ‘शहजाद भट्टी’ गैंग से जुड़े दो आतंकी गिरफ्तार, वर्दीधारियों पर हमले की थी बड़ी साजिश!

