बस्ती पुलिस का ‘ऑपरेशन वाराणसी’, फिरौती के लिए बंधक बनाए गए दो युवक बरामद. 3 शातिर किडनैपर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की बस्ती पुलिस ने वाराणसी पुलिस के साथ मिलकर एक बेहद सनसनीखेज अपहरण कांड का चंद घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। वाराणसी घूमने गए बस्ती के दो युवकों को बंधक बनाकर फिरौती मांगने वाले तीन अंतर्राज्यीय अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने न केवल दोनों युवकों को सुरक्षित छुड़ाया, बल्कि वारदात में इस्तेमाल की गई लग्जरी फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की है।

क्या था पूरा मामला?

लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोहरसा निवासी मनोज कुमार उपाध्याय ने 10 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना दी कि उनका 19 वर्षीय पुत्र अनय उपाध्याय अपने साथी दिव्यांशु उर्फ राहुल (17 वर्ष) के साथ 8 अप्रैल को वाराणसी घूमने गया था।

9 अप्रैल को अज्ञात बदमाशों ने अनय को बंधक बना लिया और उसी के मोबाइल से परिजनों को फोन कर पैसे की मांग की। फिरौती मांगने के बाद बदमाश मोबाइल स्विच ऑफ कर देते थे। तहरीर मिलते ही पुलिस ने धारा 140(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम तुरंत वाराणसी के लिए रवाना हुई।

CCTV और लोकेशन ट्रेसिंग से मिली कामयाबी

बस्ती की लालगंज पुलिस ने वाराणसी की स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। पुलिस ने अनय के मोबाइल की अंतिम लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने थाना लालपुर पाण्डेयपुर (वाराणसी) क्षेत्र के डाइनिंग टेबल रेस्टोरेंट, गोइठहां चौराहा पर छापा मारा। वहां से अनय और राहुल को सकुशल बरामद कर लिया गया और मौके से तीन अभियुक्तों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

पकड़े गए तीनों अभियुक्त पड़ोसी राज्यों के शातिर अपराधी बताए जा रहे हैं।

शरीयत उल्ला (30 वर्ष): निवासी झारखंड (जिला कूटमू)।

जसवंत सिंह (29 वर्ष): निवासी बिहार (जिला बक्सर)।

अभिजीत सिंह (30 वर्ष): निवासी बिहार (जिला कैमूर)।

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।

एक फॉर्च्यूनर कार: वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की लग्जरी गाड़ी।

तीन मोबाइल फोन: जिनसे फिरौती के लिए कॉल की जा रही थी।

 

Akso Read: इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: जमीन अधिग्रहण मामले में ‘रेफरेंस कोर्ट’ को नहीं है रिमांड का अधिकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.