बिहार में नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस, FIR दर्ज
Bihar News: बिहार के जमुई जिले में नाबालिग लड़का-लड़की के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। घटना 19 सितंबर की शाम जमुई सदर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में शुरुआत में कोई शिकायत नहीं मिली थी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
बताया गया कि दोनों 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। वे कोचिंग जाने के बाद फोटो शूट के लिए जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग के पास मड़वा पहाड़ की तरफ गए थे। लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। वायरल वीडियो में कई युवक लड़की को परेशान करते नजर आ रहे हैं। लड़की उनसे छोड़ देने की गुहार लगाती दिखाई देती है।
पुलिस ने पीड़ितों की पहचान की
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि वीडियो के आधार पर पुलिस ने पीड़ितों की पहचान की और उनसे बातचीत की। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी के अनुसार, वीडियो में 6-7 लोग गलत हरकत करते नजर आ रहे हैं।
आरोपियों की पहचान, कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने मामले को गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। पुलिस की जांच में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
Also Read: पाकिस्तान ने की अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक, 3 की मौत, तालिबान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

