यूपी के 4 टुकड़े करने के राजभर के दावे पर बृजभूषण का पलटवार, बताया चुनावी जुमला
Brij Bhushan Sharan Singh: उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बयान पर सियासी प्रतिक्रिया सामने आई है। पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राजभर के दावे को “चुनावी जुमला” बताया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की परिस्थितियों से पूरी तरह परिचित हुए बिना इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।
बृजभूषण ने क्या कहा?
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अपनी अलग पहचान और ताकत है। यहां से लोकसभा के 80 सांसद चुने जाते हैं। उनके मुताबिक यही राज्य की बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से यूपी को चार हिस्सों में बांटने का कोई प्रस्ताव नहीं है और न ही राज्य सरकार की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव सामने आया है।
उन्होंने राजभर के बयान को बिना सोचे-समझे दिया गया बयान बताते हुए कहा कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए।
राजभर ने देवरिया में किया था दावा
सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने रविवार को देवरिया में पार्टी की ‘सामाजिक समरसता महा रैली’ में यूपी के बंटवारे का मुद्दा उठाया था। उन्होंने दावा किया कि जातिवार जनगणना के बाद उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटा जा सकता है। राजभर ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे कहा था कि जातियों की गिनती पूरी होने के बाद राज्य के बंटवारे में कोई दिक्कत नहीं होगी।
राजभर ने 27 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर पूर्वांचल अलग राज्य बनता है तो राजभर समाज का बेटा वहां मुख्यमंत्री बनेगा। उनके इस बयान ने यूपी के पुनर्गठन की पुरानी बहस को फिर चर्चा में ला दिया है।
Also Read: यूपी, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनाव का ऐलान, 16 अक्टूबर को होगा मतदान

