25 लाख की फिरौती, 8 साल के बच्चे की हत्या, बुलंदशहर में 50 हजार का इनामी गिरफ्तार

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बुलंदशहर में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी अपराधी अंकुर उर्फ प्रवीण को गिरफ्तार किया है। आरोपी इटावा जिले के बलरई थाना क्षेत्र के नगला लच्छी गांव का रहने वाला है। उसे 7 सितंबर 2026 की रात करीब 9:40 बजे अनूपशहर थाना क्षेत्र में अलीगढ़ रोड, कोर्ट तिराहे के पास से पकड़ा गया।

एसटीएफ को आरोपी के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद नोएडा फील्ड यूनिट की टीम ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

2018 में बच्चे के अपहरण और हत्या का मामला

पूछताछ में सामने आया कि करीब 31 वर्षीय अंकुर ने 2018 में दीपक और जोगेंद्र के साथ मिलकर अपने गांव के 8 वर्षीय सोनू उर्फ शिवांश के अपहरण की साजिश रची थी। बच्चे के परिवार से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। बच्चे ने दीपक को पहचान लिया था। इसके बाद उसकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया। इस मामले में तीनों गिरफ्तार होकर जेल गए थे। अंकुर करीब 4 साल जेल में रहा।

2025 की लूट में भी था वांछित

पुलिस के मुताबिक, 19 दिसंबर 2025 को अंकुर और उसके साथियों ने अनूपशहर में इनकम टैक्स विभाग के कर्मचारी बनकर एक घर में घुसकर लूट की थी। लाखों रुपये की नकदी और जेवर लेकर आरोपी फरार हो गए थे। इसी मामले में अंकुर लगातार फरार था और उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

अंकुर के खिलाफ इटावा, गौतमबुद्धनगर, कानपुर और बुलंदशहर में 6 मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। उसे अनूपशहर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 484/2025 की धारा 111(2) BNS में दाखिल किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।

Also Read: Bareilly News: तमंचे और कारतूस के साथ मीरगंज पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.