जंतर-मंतर से अब देशभर में छात्र आंदोलन की अपील, CJP ने 24 जुलाई के लिए किया आह्वान
CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले महीने से जारी छात्र आंदोलन के बीच अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आंदोलन को और व्यापक बनाने का ऐलान किया है। पार्टी ने छात्रों से 24 जुलाई को देशभर के सभी जिलों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है। इस संबंध में CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर भी जारी किया है।
प्रदर्शन के लिए छात्रों को दिए पांच अहम सुझाव
CJP ने प्रदर्शन को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए छात्रों को पांच महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। पार्टी ने कहा कि प्रदर्शन से पहले स्थानीय प्रशासन और पुलिस से अनुमति ली जाए। अनुमति पत्र अपने पास रखा जाए और समय व स्थान की पुष्टि की जाए। यदि मार्च निकाला जाना हो तो कानूनी सलाह लेने की भी सलाह दी गई है।
इसके अलावा छात्रों से पोस्टर और बैनर तैयार करने, सोशल मीडिया के जरिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने की अपील की गई है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की दोहराई मांग
इससे पहले CJP ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा था कि प्रश्नपत्र लीक के मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और पेपर लीक मामलों में त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक अदालतें स्थापित की जाएंगी। उन्होंने लिखा, “हमारे युवाओं के कल्याण और भविष्य से बढ़कर कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है।”
प्रधानमंत्री के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए CJP ने धर्मेंद्र प्रधान की तस्वीर साझा कर उनके इस्तीफे की मांग दोहराई और कहा कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय होना जरूरी है।
Also Read: NEET पेपर लीक का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया को CBI ने दी क्लीन चिट, नहीं मिले सबूत

