प्रयागराज से मेरठ जा रही कार ट्रक में घुसी, Unnao में दर्दनाक हादसा, 4 लोगों की मौत

Unnao Accident News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में शुक्रवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार टाटा पंच कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

यह हादसा आसीवन थाना क्षेत्र के नेवादा गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 387.6 पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा (UPEDA) की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

क्रेन से निकाले गए शव

जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोग प्रयागराज से मेरठ जा रहे थे। Unnao में गंगा एक्सप्रेसवे पर रास्ते में अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि कार में बैठे दो लोगों के शव अंदर ही बुरी तरह फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

अस्पताल में दो और लोगों की मौत

शुरुआती जानकारी में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल थे। यूपीडा की टीम ने घायलों को तुरंत बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया।

बांगरमऊ CHC के डॉक्टर सागर पटेल के अनुसार दोनों घायलों की हालत बेहद गंभीर थी। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार और वाहन के नियंत्रण खोने की जताई जा रही है।

Also Read: लखनऊ से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, टेकऑफ से ठीक पहले रोका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.