Ayodhya News: जन्मदिन की खुशियाँ मातम में बदलीं, सरयू में नहाते समय बस्ती के तीन युवक लापता

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ सरयू नदी में स्नान के दौरान बस्ती जिले के तीन युवक गहरे पानी में समा गए और लापता हो गए। घटना उस समय हुई जब ये तीनों दोस्त अपना जन्मदिन मनाने के लिए अयोध्या पहुँचे थे। फिलहाल, एसडीआरएफ (SDRF) और जल पुलिस की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लापता युवकों की तलाश कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार और माली टोला निवासी अमित गुप्ता (19), अभिषेक सोनी (19) और राज कसौधन जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए सुबह अयोध्या आए थे। सरयू नदी में स्नान करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वे अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चले गए। मौके पर चीख-पुकार मचने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ, लेकिन तब तक तीनों युवक नदी की लहरों में ओझल हो चुके थे।

दो अन्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया

हादसे के वक्त मौके पर मौजूद जल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमरोहा निवासी दो अन्य श्रद्धालुओं को डूबने से बचा लिया। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही लापता युवकों के परिजन बस्ती से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे आने वाले श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने और स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने की सख्त हिदायत दी है।

Also Read: ममता से मिले अखिलेश यादव, बंगाल में लोकतंत्र के चीरहरण का लगाया आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.