विरोधियों पर बरसे सीएम योगी, बोले- जन आस्था से खिलवाड़ करने वाला सात पीढ़ियों तक भुगतेगा
Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले और विपक्ष के आरोपों पर बेहद कड़ा और आक्रामक रुख अख्तियार किया है। सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि इस मामले में गठित एसआईटी (SIT) की रिपोर्ट आते ही सरकार ने तुरंत एक्शन शुरू कर दिया है। उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि अयोध्या और सनातन धर्म हम सभी की आस्था का सर्वोच्च केंद्र है, इसलिए इस पर आक्षेप करने के बजाय प्रभु श्री राम की मर्यादा का पालन करना सीखें। सनातन आस्था से खिलवाड़ करने वाले को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पुरानी सरकारों के कामकाज की याद दिलाते हुए कहा, ये वही लोग हैं जो कभी भगवान राम के अस्तित्व को नकारते हुए कहते थे कि राम हुए ही नहीं। इन्होंने राम मंदिर निर्माण को रोकने के लिए अदालतों में वकीलों की पूरी फौज खड़ी कर दी थी।
एक वो पक्ष है जो जय श्री राम का उद्घोष करने वाले निर्दोष रामभक्तों पर लाठियां और गोलियां बरसाता था, रामनवमी पर दंगे करवाता था और कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाता था। आज ऐसे लोग हमें आस्था का मतलब समझा रहे हैं। सीएम योगी ने दोटूक कहा कि राम मंदिर मामले में सरकार की नीति पहले दिन से स्पष्ट थी कि ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ होकर रहेगा। उन्होंने विपक्ष को चुनौती दी कि अगर उनके पास कोई पुख्ता प्रमाण है, तो वे राजनीति करने के बजाय एसआईटी के सामने सबूत पेश करें।
#WATCH | देवरिया, उत्तर प्रदेश | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "…एक पक्ष कहता था कि राम हैं ही नहीं यानी अयोध्या को भी ये लोग नकारना चाहते थे। लगातार न्यायालय में मुकदमा लड़ते रहे, वकीलों की फौज राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के खिलाफ खड़ी करते रहे और दूसरा पक्ष वो है जो जय… pic.twitter.com/Rol7DUEhI9
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 26, 2026
दिल्ली से अयोध्या पहुंचे केजरीवाल पर भी साधा निशाना
अयोध्या का दौरा करने पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली से भी एक सज्जन आज वहाँ राजनीति चमकाने पहुँचे हैं। सीएम ने तंज कसते हुए कहा, दिल्ली की जनता ने उन्हें कई वर्षों तक सेवा का मौका दिया, लेकिन उन्होंने दिल्ली को सिर्फ भ्रष्टाचार और बदहाली के अलावा कुछ नहीं दिया। अगर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता के साथ वैसा ही न्याय किया होता, जैसा भाजपा की डबल-इंजन सरकार ने अयोध्या धाम के साथ किया है, तो आज दिल्ली भी अयोध्या की तरह जगमगा रही होती।
मोहर्रम पर उपद्रव करने वालों को अंतिम अल्टीमेटम
त्योहारों के सीजन और कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने दंगाइयों और उपद्रवियों को कड़े लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब उपद्रवियों का कहीं कोई अता-पता नहीं है। आज सूबे में कोई भी अवैध शस्त्र नहीं निकाल सकता। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, आज मोहर्रम के मौके पर यदि किसी ने भी शांति व्यवस्था भंग करने या उपद्रव करने की कोशिश की, तो उसका हश्र ऐसा होगा कि उसकी आने वाली सात पीढ़ियां भुगतेंगी। उत्सव और त्योहार के माहौल में हुड़दंग बर्दाश्त नहीं होगा, ऐसा करने वाला भारी खामियाजा भुगतेगा।
Also Read: मोहन यादव के बचाव में उतरे अखिलेश, ओवैसी ने पूछा- पार्टी देखी या सिर्फ यादव

