मोरक्को से आया धमकी भरा ईमेल, चारधाम समेत पूरे उत्तराखंड को बम से उड़ाने की थी साजिश

Uttarakhand Bomb Threat: उत्तराखंड में चारधाम समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर कमांडो टीम की तकनीकी जांच में पता चला है कि यह ईमेल उत्तरी अफ्रीकी देश मोरक्को से भेजा गया था। जांच के दौरान ऐसे तकनीकी संकेत भी मिले हैं, जिनसे यह आशंका जताई जा रही है कि ईमेल भेजने वाला संदिग्ध अमेरिका में रहने वाला हो सकता है।

कुछ दिन पहले इस मामले में कर्णप्रयाग के निहंग विवाद से भी संभावित संबंध होने का संदेह जताया गया था, लेकिन जांच अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है।

धार्मिक स्थलों को मिली थी धमकी, एजेंसियां अलर्ट

 22 जून को बदरीनाथ, केदारनाथ समेत चारधाम, मसूरी नगर पालिका, हरिद्वार और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। इस ईमेल में केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी उल्लेख किया गया था। संवेदनशील नाम सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं। मसूरी नगर पालिका परिसर को एहतियातन खाली कराया गया, जबकि हरिद्वार नगर निगम में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड ने गहन जांच की। धमकी मिलने के बाद पूरे प्रदेश का प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि ईमेल के आईपी एड्रेस की जांच में मोरक्को का पता चला है। अब केंद्रीय जांच और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था और कहीं किसी अंतरराष्ट्रीय संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। ईमेल भेजने वाले की पहचान, उसकी लोकेशन और तकनीकी गतिविधियों की गहराई से जांच की जा रही है।

इसी बीच सोशल मीडिया पर भी उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को 25 जून 2026 को बम से उड़ाने की धमकी देने वाली पोस्ट सामने आई। इस मामले में देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि उपनिरीक्षक रवि प्रसाद कवि की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में धमकी देने वाले इंस्टाग्राम अकाउंट और मोबाइल नंबर की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अब इस मामले की भी अलग से जांच कर रही है और दोनों मामलों के बीच किसी संभावित संबंध की भी पड़ताल की जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.