कमर्शियल सिलेंडर हुआ 192 रुपये सस्ता, जानिए प्रमुख शहरों के नए दाम
Sandesh Wahak Digital Desk: 1 अगस्त को सरकारी तेल कंपनियों ने एलपीजी (LPG) सिलेंडरों के नए रेट जारी कर दिए हैं। इस महीने कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों, होटल-ढाबा संचालकों और कारोबारियों को भारी राहत मिली है। 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 192 रुपये तक की कटौती की गई है। हालाँकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं को निराश होना पड़ा है क्योंकि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, उज्ज्वला योजना के कुछ उपभोक्ताओं के लिए गैस लेना अब महंगा पड़ेगा।
कमर्शियल सिलेंडर में लगातार दूसरे महीने राहत
इंडियन ऑयल की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 192 रुपये सस्ता होकर अब 2,738 रुपये का हो गया है, जो पहले 2,930 रुपये था। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इसके दाम 3,052.5 रुपये से घटकर 2,860.5 रुपये रह गए हैं। वहीं, बिहार की राजधानी पटना में कमर्शियल सिलेंडर 3,227 रुपये से गिरकर 3,018 रुपये पर आ गया है। गौरतलब है कि जुलाई में भी इसमें बड़ी कटौती की गई थी, जिससे बीते दो महीनों में दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर कुल 375.50 रुपये सस्ता हो चुका है।
उज्ज्वला योजना के कुछ लाभार्थियों को लगेगा झटका
उज्ज्वला योजना के तहत लाभ लेने वाले कुछ परिवारों के लिए इस महीने से रसोई गैस 300 रुपये महंगी पड़ सकती है। यदि किसी लाभार्थी ने 1 अप्रैल से 31 जुलाई के बीच अपने कोटा के 4 सिलेंडर रिफिल करा लिए हैं, तो अगस्त महीने में उन्हें 300 रुपये की सरकारी सब्सिडी नहीं मिलेगी। सरकार ने नए वित्तीय वर्ष से सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या घटाकर अधिकतम 4 कर दी है (जो पहले 9 और बाद में 6 थी)। सीमा समाप्त होने पर उज्ज्वला लाभार्थियों को भी सामान्य उपभोक्ताओं की तरह ही पूरी कीमत चुकानी होगी।
घरेलू एलपीजी के दाम में बदलाव नहीं
14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें देश भर में यथावत बनी हुई हैं। देश में सबसे महंगा घरेलू सिलेंडर लेह में 1,196.50 रुपये का मिल रहा है। प्रमुख शहरों की बात करें तो मुंबई में घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये, बेंगलुरु में 944.50 रुपये, अहमदाबाद व गुरुग्राम में 949 रुपये, जयपुर में 952.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये का है। वहीं कोलकाता में 968 रुपये, लखनऊ में 976.50 रुपये, हैदराबाद में 994 रुपये तथा श्रीनगर में यह 1,058 रुपये का बिक रहा है।
Also Read: ‘हम भाग्यशाली हैं’, PM मोदी के संदेश पर बोले ‘रामायण’ के ‘लक्ष्मण’

