राम मंदिर पर विवादित टिप्पणी का आरोप, सांसद पप्पू यादव के खिलाफ सनातन रक्षा संगठन का उग्र प्रदर्शन

Lucknow News: संसद भवन परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा प्रभु श्रीराम मंदिर और सनातन धर्म पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला अब सड़कों पर गरमाने लगा है। इस बयान के विरोध में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।

श्रीराम टावर से गांधी प्रतिमा तक निकाली शव यात्रा

संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता हजरतगंज स्थित श्रीराम टावर पर एकत्र हुए, जहाँ से उन्होंने सांसद पप्पू यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। यह विरोध यात्रा शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए गांधी प्रतिमा तक पहुँची। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियाँ और बैनर थे, जिन पर सनातन धर्म के अपमान के खिलाफ तीखे संदेश लिखे हुए थे।

गांधी प्रतिमा पर पहुँचकर कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया और सांसद के प्रतीकात्मक पुतले का अंतिम संस्कार कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र प्रभु श्रीराम और राम मंदिर पर इस तरह की ओछी बयानबाजी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सार्वजनिक माफी और कानूनी कार्रवाई की मांग

सनातन रक्षा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा धार्मिक आस्थाओं और सनातन परंपराओं पर बार-बार किए जाने वाले हमले निंदनीय हैं। उन्होंने मांग की कि सांसद पप्पू यादव अपने दिए गए बयान पर तुरंत सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें और संबंधित अधिकारियों से इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की।

रिपोर्ट- शुभम त्रिपाठी

Also Read: कमर्शियल सिलेंडर हुआ 192 रुपये सस्ता, जानिए प्रमुख शहरों के नए दाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.