लखनऊ में कांग्रेस दफ्तर के बाहर लगा विवादित पोस्टर, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में चुनावी दस्तक के साथ ही राजनीतिक बयानबाज़ी और पोस्टर वॉर चरम पर पहुँच गया है। राजधानी लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के मुख्यालय के बाहर लगी एक तीखी और विवादित होर्डिंग ने प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।
यह होर्डिंग कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब खान द्वारा लगवाई गई है, जिसमें भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लिया गया है। पोस्टर में बेहद कड़े शब्दों का प्रयोग करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं और उनसे तुरंत पद छोड़ने की मांग की गई है।
कांग्रेस दफ्तर के मुख्य द्वार पर लगे इस विशाल बैनर पर बड़े अक्षरों में लिखा है- “लोकतंत्र की हत्या करने वाले ‘देशद्रोही’ ज्ञानेश कुमार शर्म करो, इस्तीफा दो।” इसके अलावा पोस्टर में यह मांग भी जोड़ी गई है कि मुख्य चुनाव आयुक्त का समर्थन करने वालों पर भी देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। इस होर्डिंग में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें भी शामिल हैं।
होर्डिंग लगवाने वाले नेता हसीब खान का कहना है कि चुनाव आयोग का रवैया लंबे समय से एकतरफा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता का मूड बदल रहा है और 2029 में राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनना तय देखकर डर के माहौल में चुनावी प्रक्रियाओं व मतदाता सूचियों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। इसी के विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया है।
Also Read: आजमगढ़ मदरसा फर्जीवाड़े में बड़ा एक्शन, फर्जी दानपत्र से मान्यता लेने के आरोप में 22 पर FIR

