सिया ने फिल्म देखकर रचा केतन के मर्डर का प्लान? ‘हसीन दिलरुबा’ जैसे नहीं छलके आंसू

Siya Goyal Chetan Chaudhary: पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल हत्याकांड ने अब एक फिल्मी मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला किसी दुर्घटना का नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश का नतीजा था। इस केस में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। 18 जून को लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के दौरान केतन को कथित रूप से ऊंचाई से गहरी खाई में धकेल दिया गया था।

नेटफ्लिक्स फिल्म ‘हसीन दिलरुबा’ से मिलता-जुलता मर्डर प्लॉट

पुलिस के अनुसार यह पूरा हत्याकांड 2021 में रिलीज हुई नेटफ्लिक्स फिल्म ‘हसीन दिलरुबा’ के प्लॉट से काफी मिलता-जुलता है। फिल्म में भी एक प्रेम त्रिकोण और हत्या की साजिश दिखाई गई थी, जिसमें निजी रिश्तों के चलते अपराध को अंजाम दिया जाता है। इसी तरह केतन के मामले में भी मंगेतर और प्रेमी के बीच नजदीकियों ने इस खौफनाक साजिश को जन्म दिया।

2000 से ज्यादा कॉल और लंबी बातचीत से खुला राज

पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी पिछले छह महीनों से लगातार संपर्क में थे। दोनों ने एक-दूसरे को 2,004 बार फोन किया और कुल 238 घंटे बातचीत की। पुलिस को शक है कि यह लगातार संपर्क हत्या की साजिश का हिस्सा था। बताया गया कि घटना से पहले दोनों ने एक कैफे में मिलकर योजना को अंतिम रूप दिया और किले में उस जगह को भी चुना जहां से केतन को खाई में धकेला जा सके।

चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी ने अपने बेटे को निर्दोष बताया है और कहा है कि उसे फंसाया जा रहा है। वहीं केतन के पिता ने आरोप लगाया है कि सिया ने घटना के बाद कोई भावनात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी और उसके बयानों में कई विरोधाभास हैं। पुलिस ने सभी पहलुओं की जांच तेज कर दी है और मामले को गंभीर साजिश के रूप में देख रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.